West Delhi के Raghubir Nagar में रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत

West Delhi के Raghubir Nagar में रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार दोपहर एक रिहायशी मकान में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। हादसे में उनका बेटा और बहू भी झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दीवार तोड़कर महिला को बाहर निकाला था, लेकिन अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार को एक रिहायशी इमारत में आग लगने से 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बहू झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि उनके बेटे ध्रुव (20) और बहू नीति (21) भी हादसे में झुलस गए हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोपहर के आसपास एक घर की पहली मंजिल पर आग लग गई, जिसके बाद पूरे घर में तेजी से धुआं फैल गया और परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने ध्रुव और नीति को तो बचा लिया एवं उन्हें गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गए, लेकिन सुनीता एक कमरे के अंदर ही फंसी रह गईं। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से, हथौड़े का इस्तेमाल करके बगल की दीवार तोड़ी और सुनीता को बाहर निकाला।

आपात कार्रवाई वाहन के कर्मचारी सुनीता को गुरू गोबिंद सिंह अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि ध्रुव की हालत स्थिर होने के कारण इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि नीति को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती पूछताछ में ध्रुव ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी नीति के चीखने की आवाज सुनी और उसे बचाने के लिए बालकनी से दौड़कर अंदर गया।

ध्रुव ने पुलिस को बताया कि भीषण गर्मी और लपटों के कारण वह अपनी मां तक नहीं पहुंच सका, जो कमरे के अंदर ही फंसी रह गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में पूजा-पाठ चल रहा था। आशंका है कि आग एक जलते हुए दीये से परदों में लगी होगी।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के असली कारण का पता फोरेंसिक जांच और बिजली के उपकरणों के निरीक्षण से चलेगा तथा मामले की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़