SCO मंच पर पाकिस्तानी मंत्री Musadik Malik ने पुराना किला में हुमायूं और शेरशाह का किया उल्लेख

शंघाई सहयोग संगठन के सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लेने दिल्ली पहुंचे पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने ऐतिहासिक पुराना किला के निर्माण इतिहास की चर्चा की। उन्होंने मुगल सम्राट हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी के योगदान का हवाला देते हुए इसे कई ऐतिहासिक परतों वाला बताया। भारत द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने यहां शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच में संबोधन के दौरान मुगल सम्राट हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र किया। दोनों शासकों का दिल्ली के पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक किला अपने आप में इतिहास की कई परतों की कहानी समेटे हुए है।
भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार शाम को इसका उद्घाटन किया था और इस अवसर पर पाकिस्तान के मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। पाकिस्तान के मंत्री ने कहा, ‘‘यह पुराना किला, जहां हम बैठे हैं, अपने आप में एक कहानी है।
इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जिनका संबंध तैमूर वंश से था और जो मध्य एशिया से आए थे। इसके बाद अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। ‘एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी’ यानी दो शासक और एक किला, यानी इतिहास की दो परतें और एक खाई।’’ मलिक ने अपने संबोधन का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया।
उन्होंने उर्दू में भी लिखा कि यह किला अपने आप में एक ‘‘कहानी’’ है। हुमायूं दूसरे मुगल सम्राट थे। उनका मकबरा, जिसे प्रसिद्ध हुमायूं का मकबरा कहा जाता है, पुराना किला से कुछ ही दूरी पर निजामुद्दीन इलाके में है।
इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। पहलगाम में 2025 में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री पहली बार भारत की यात्रा पर आए हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित ‘सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां’ विषय पर आधारित सत्र में संबोधन के दौरान मलिक ने कहा, ‘‘संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है और हम यहां इसी संवाद के लिए आए हैं।’’
अन्य न्यूज़













