Palghar में BJP नेता Bharat Rajput ने शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित से मांगा इस्तीफा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पालघर में अस्पताल कर्मियों से मारपीट के मामले में बेटे का नाम आने के बाद भाजपा नेता भरत राजपूत ने शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित के इस्तीफे की मांग की है। एक दिन पहले दोनों नेताओं के बीच मंच पर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद राजपूत ने गावित को अपने आरोपों के सबूत पेश करने की चुनौती दी।

महाराष्ट्र के पालघर में एक कार्यक्रम के दौरान शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित के साथ हुई तीखी नोकझोंक के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भरत राजपूत ने अस्पताल के कर्मचारियों से मारपीट के मामले में विधायक के बेटे की कथित संलिप्तता को लेकर सोमवार को उनसे इस्तीफे की मांग की। यहां संवाददाताओं से बातचीत में राजपूत ने गावित के इस आरोप को खारिज कर दिया कि वह पांच सितंबर को रिलीफ अस्पताल में हुई मारपीट की घटना से जुड़े एक चिकित्सक के संपर्क में थे। उन्होंने सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सहयोगी दल के विधायक को चुनौती दी कि वह अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत पेश करें या राजनीति छोड़ दें।

पालघर में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब महाराष्ट्र के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गणेश नाईक के दोनों ओर बैठे राजपूत और गावित के बीच तीखी बहस हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजपूत ने शिवसेना विधायक से सवाल किया कि वह भाजपा के कार्यक्रम में क्यों आए हैं। इस पर गावित ने जवाब दिया कि उन्हें नाईक और पालघर के सांसद ने आमंत्रित किया है।

इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में गावित ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान राजपूत ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने सितंबर में पालघर के एक अस्पताल में हुई मारपीट की घटना को लेकर भी भाजपा नेता पर निशाना साधा।

इस मामले में गावित का बेटा रोहित गावित आरोपी है। शिवसेना विधायक ने दावा किया कि राजपूत ने मामले से जुड़े चिकित्सक से 18 बार संपर्क किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे रोहित गावित को जानबूझकर इस मामले में फंसाया गया है।

भाजपा की पालघर जिला इकाई के अध्यक्ष राजपूत ने कहा कि उन्होंने गावित से केवल यह पूछा था कि कुछ दिन पहले भाजपा नेताओं की आलोचना करने के बावजूद वह पार्टी के कार्यक्रम में क्यों शामिल हुए। इस पर गावित ने जवाब दिया था कि वह मंत्री गणेश नाईक और सांसद हेमंत सावरा के लिए कार्यक्रम में आए हैं। अस्पताल में मारपीट के मामले को लेकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को चुनौती देते हुए राजपूत ने शिवसेना विधायक से ठोस सबूत पेश करने को कहा, जिनसे यह साबित हो सके कि उन्होंने संबंधित चिकित्सक से बातचीत की थी या उनसे मुलाकात की थी।

राजपूत ने कहा कि गावित को अपने बेटे के कृत्यों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि गावित को कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) कैसे प्राप्त हुआ। मंच पर हुई बहस के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों से इनकार करते हुए राजपूत ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और वह कभी किसी का अपमान नहीं करती।

उन्होंने आरोप लगाया कि पालघर जिले में भाजपा की बढ़ती संगठनात्मक ताकत से ईर्ष्या के कारण गावित उनके खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं। अस्पताल में मारपीट के मामले में रोहित गावित और 10 अन्य आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

इन पर एक निजी अस्पताल के कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप है। आरोपियों का दावा था कि अस्पताल दही हांडी उत्सव में भाग लेने के दौरान घायल हुए ‘गोविंदाओं’ के इलाज के लिए अत्यधिक शुल्क वसूल रहा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़