Evening News Brief: बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर, श्रीकांत त्यागी को नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार

Nitish Kumar
ANI

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ने का ऐलान करने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा नोएडा में महिला के साथ अभद्रता करने के मामले में फरार आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को मेरठ में गिरफ्तार कर लिया।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ने का ऐलान करने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा नोएडा में महिला के साथ अभद्रता करने के मामले में फरार आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को मेरठ में गिरफ्तार कर लिया।

नीतीश-तेजस्वी का साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस, PM मैटेरियल पर नो कमेंट, कहा- 7 पार्टियां हमारे साथ, मिलकर करेंगे बिहार की सेवा


राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ने का ऐलान करने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नीतीश कुमार तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मिलने पहुँचे और महागठबंधन के 164 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। उधर, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से नाता तोड़कर बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने पर नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्होंने दूसरी बार जनादेश का अपमान किया है। चिराग पासवान ने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने और नए सिरे से चुनाव कराए जाने की मांग की है। वहीं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने जोर दिया कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ रहेगी क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दूसरा नेता मिलना नामुमकिन है। वहीं बिहार भाजपा के कोर समूह की बैठक के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा है कि जनादेश एनडीए सरकार के पक्ष में था इसलिए एनडीए का साथ छोड़कर नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है और भाजपा को धोखा दिया है।

गालीबाज श्रीकांत त्यागी को नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार, कई दिनों से था फरार


नोएडा में महिला के साथ अभद्रता करने के मामले में फरार आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को मेरठ में गिरफ्तार कर लिया। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ से तड़के गिरफ्तार किया। उसके साथ मौजूद चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि श्रीकांत त्यागी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, उसे फरार रहने के दौरान किस-किस ने शरण दी इस बात की भी जानकारी हासिल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को उनके तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा इनाम प्रदान किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को फरार घोषित कर उस पर 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को नौ अगस्त को गिरफ्तार कर क्रांतिकारियों का अपमान किया गया है।

2023 चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ को लेकर भाजपा का बड़ा फैसला, अरुण साव होंगे नए प्रदेश अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को बिलासपुर के सांसद अरुण साव को पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में यह सांगठनिक फेरबदल किया है। अरुण साव, विष्णुदेव साय का स्थान लेंगे। वह 53 वर्ष के हैं और पहली बार 2019 का लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने थे। अरुण साव ने छात्र जीवन से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए थे।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने उपराष्ट्रपति नायडू और उनके उत्तराधिकारी धनखड़ की घर पर मेजबानी की


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को निवर्तमान उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू तथा नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नई दिल्ली स्थित अपने घर पर मेजबानी की। ओम बिरला और धनखड़ ने मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं जिनमें उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। गौरतलब है कि वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। धनखड़ 11 अगस्त को देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।

एनआईए ने जेएमबी के दो संदिग्ध आतंकियों को भोपाल से किया गिरफ्तार: मिश्रा

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि एनआईए ने प्रदेश की राजधानी भोपाल से प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘एनआईए ने भोपाल से जेएमबी के दो संदिग्ध आतंकियों- हमीदुल्ला हुसैन उर्फ राजा गाज़ी और मोहम्मद शहादत हुसैन को (रविवार को) गिरफ्तार किया। दोनों आतंकी मार्च से तब से ही पुलिस के रडार पर थे, जब जेएमबी के छह संदिग्ध सदस्य भोपाल से गिरफ्तार किये गये थे।’’ उन्होंने कहा कि दोनों संदिग्ध आतंकियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री मिली है। मिश्रा ने बताया कि पुलिस और प्रदेश की अन्य एजेंसियों का केंद्रीय एजेंसियों के साथ बढ़िया सामंजस्य है।

महाराष्ट्र में हुआ मंत्रिमंडल विस्तार, भाजपा और शिंदे गुट के नौ-नौ विधायकों ने ली शपथ


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। शिवसेना के बागी गुट और भारतीय जनता पार्टी के नौ-नौ सदस्यों को इसमें जगह दी गयी है। मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया है, जिसकी नेताओं और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने आलोचना की है। राज्य में भाजपा की 12 महिला विधायक हैं। शिंदे गुट में दो महिला विधायक हैं तथा उसे एक निर्दलीय महिला विधायक का समर्थन भी हासिल है। महाराष्ट्र में कुल मिलाकर 28 महिला विधायक हैं।

दिल्ली में कोविड के बढ़ते मामलों पर केजरीवाल का बयान, कहा- घबराने की जरूरत नहीं


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि अधिकतर नए मामलों में हल्के लक्षण देखे जा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, 'कोविड के मामले बढ़ रहे हैं। हम इन पर नजर रख रहे हैं और जो भी कदम उठाने की जरूरत पड़ेगी, उठाए जाएंगे। अधिकतर मामलों में मामूली लक्षण देखे जा रहे हैं, लिहाजा घबराने की जरूरत नहीं है।'

जेम्स मारेप फिर बने पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री

पापुआ न्यू गिनी की संसद ने देश में चुनाव के बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री जेम्स मारेप को फिर से शीर्ष पद के लिए नामित किया। ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प की खबर के अनुसार, चुनाव के बाद संसद की पहली बैठक में मारेप को अगली गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के लिए निर्विरोध नामित किया गया। संसद की 118 सीट में से मंगलवार तक केवल 104 सीट का ही चुनाव परिणाम घोषित हो पाया। शेष सीट पर मतगणना जारी है। पापुआ न्यू गिनी में आमतौर पर अस्थिर और बहुदलीय गठबंधनों की सरकार रहती है, लेकिन देश का संविधान अगले 18 महीने तक मारेप को प्रधानमंत्री पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की अनुमति नहीं देगा।

रेणुका सिंह ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की, गेंदबाजों की सूची में 18वें स्थान पर पहुंची

राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाली भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह मंगलवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम महिला टी20 रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में करियर के सर्वश्रेष्ठ 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बर्मिंघम खेलों में भारत के रजत पदक जीतने के अभियान के दौरान रेणुका ने 11 विकेट चटकाए। इस प्रदर्शन की बदौलत रेणुका 10 स्थान की छलांग के साथ करियर में पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रहीं।

हवाई किराये की समीक्षा एटीएफ कीमतों पर निर्भर: सिंधिया

नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि सरकार विमान ईंधन के दाम के मामले में स्थिति बेहतर होने पर निश्चित रूप से घरेलू एयरलाइन के लिये किराये की सीमा का फिर से आकलन करेगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस महामारी से देश के विमानन क्षेत्र पर प्रतिकूल असर पड़ा और यह क्षेत्र अब खासकर यात्रियों की संख्या के लिहाज से पुनरुद्धार के रास्ते पर है। मंत्रालय ने महामारी को देखते हुए स्थानीय एयरलाइन कंपनियों के किराये को लेकर सीमा लगायी है। सिंधिया ने कहा कि आज की स्थिति के अनुसार, एयरलाइन के किराये की सीमा निचले हिस्से के काफी करीब नहीं है और यह उच्च सीमा से काफी दूर है। मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने चीजें स्थिर होती देखी हैं और उपयुक्त समय पर हम निश्चित रूप से इस पर गौर करेंगे। मैं विमान ईंधन यानी एटीएफ के दाम पर गौर कर रहा हूं और जैसे ही चीजें बेहतर होती हैं, हम निश्चित रूप से इसका फिर आकलन करेंगे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़