Anandpur Sahib मामले में Amarjit Singh Chawla पर FIR, पंजाब सरकार ने बनाई SIT

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला पर दर्ज दुष्कर्म के मामले की तहकीकात के लिए पंजाब सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर बनी यह विशेष जांच टीम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में पड़ताल करेगी। जांच दल महिला के बहरीन से आने और एसजीपीसी सराय में ठहरने की मंजूरियों समेत सभी अनसुलझे बिंदुओं की जांच करेगा।

चंडीगढ़, आठ अक्टूबर पंजाब सरकार ने आनंदपुर साहिब में दुष्कर्म के उस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया जिसके सिलसिले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता बलतेज पन्नू ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है।

सिमरनजीत सिंह और करण सिंह संधू इसके सदस्य होंगे। पन्नू ने कहा कि जांच में उन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे जो अब तक अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला बहरीन से कैसे आई, उसके आनंदपुर साहिब स्थित एसजीपीसी की सराय में ठहरने की व्यवस्था किसने की, उसे क्या सुविधाएं दी गईं, उन्हें किसने मंजूरी दी और वह महीनों तक वहां कैसे रह सकी।

महिला की शिकायत पर चावला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्होंने एसजीपीसी सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। चावला ने आरोपों को ‘‘झूठा और मनगढ़ंत’’ बताया है।

उन्हें पहले ही सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त से निष्कासित किया जा चुका है। एसआईटी का गठन मुख्यमंत्री द्वारा दो दिन पहले ‘धरम युद्ध मोर्चा’ के एक प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद हुआ। मान ने कहा, राज्य सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और समय-सीमा के भीतर जांच सुनिश्चित करेगी।

कानून अपना काम करेगा और किसी भी व्यक्ति को न्याय प्रक्रिया में दखल नहीं देने दिया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़