Punjab Police ने ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, चार नाबालिगों सहित नौ गिरफ्तार

Punjab Police
AI Image

पंजाब पुलिस ने अमृतसर आयुक्तालय क्षेत्र में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार नाबालिगों समेत नौ लोगों को दबोच लिया है। आरोपियों के पास से पिस्तौल, पेट्रोल बम और कारतूस बरामद किए गए हैं जो विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर स्थानीय युवाओं को भर्ती करने में जुटे थे।

चंडीगढ़, चार अगस्त पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एवं सीमापार से संचालित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और चार नाबालिगों सहित नौ आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक बड़ी कामयाबी में, अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने आईएसआई समर्थित एवं सीमा-पार से संचालित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नौ आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें चार नाबालिग शामिल हैं, और उनके पास से तीन पिस्तौल, चार पेट्रोल बोतल बम और 9 कारतूस बरामद किए हैं।’’ उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई के आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे थे।

यादव ने बताया कि विदेश में बैठे आतंकी आका, आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने, सुरक्षा ठिकानों की टोह लेने, अवैध हथियार हासिल करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए स्थानीय युवाओं को भर्ती करने की कोशिश कर रहे थे। डीजीपी ने बताया कि जांच में रेल पटरियों के पास निगरानी कैमरे लगाए जाने का भी खुलासा हुआ है और इन कैमरों से रिकॉर्ड तस्वीरों को विदेशी आकाओं के साथ साझा किया जाता था। उन्होंने बताया कि अमृतसर के मोहकमपुरा, हवाई अड्डा और सी-डिवीजन पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

डीजीपी यादव ने कहा कि आईएसआई समर्थित नेटवर्क के बाकी सदस्यों की पहचान करने, उसके संबंध, पैसों के लेन-देन और दूसरी आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता का पता लगाने के लिए प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़