Alirajpur में रेत के अवैध गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 3 बच्चों की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में रविवार दोपहर साइकिल से निकले तीन बच्चे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। पुलिस ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से गड्ढा खोदने और सुरक्षा इंतजाम न करने के आरोप में पिंटू जमरा को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के चक्काजाम को प्रशासन की समझाइश पर समाप्त कराया गया।

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर कस्बे में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए कथित तौर पर खोदे गए गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर कस्बे के तीखी इमली क्षेत्र में हुआ, जब सात से 10 वर्ष की उम्र के लवकुश, यशराज और राजवीर साइकिल लेकर घूमने निकले थे। अधिकारी ने बताया कि खेलते-खेलते तीनों बच्चे कथित रूप से अवैध उत्खनन के जरिये रेत निकालने के लिए खोदे गए गड्ढे में चले गए जिसमें बारिश का पानी भरा था। उन्होंने बताया कि गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों बच्चे डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिंटू जमरा नामक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर गड्ढा खोदा था। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में जमरा की लापरवाही सामने आई है क्योंकि गड्ढा खोदने के बाद उसे ढका नहीं गया था और न ही उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है। इस बीच, बच्चों की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सरकारी अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई।

जिलाधिकारी नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़