Udhayanidhi Stalin पर TVK की शिकायत, तंजावुर पुलिस और महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया

तमिलगा वेत्री कषगम ने मंगलवार को द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ तंजावुर पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। यह कार्रवाई एक फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और द्विअर्थी टिप्पणी करने को लेकर की गई है।
तंजावुर/चेन्नई, चार अगस्त तमिलनाडु की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने एक फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए मंगलवार को स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) दोनों जगह शिकायतें दर्ज कराईं। इस मामले में तंजावुर पुलिन से पूछताछ के लिए स्टालिन को हिरासत में ले लिया है। तंजावुर पूर्व थाने में टीवीके की तंजावुर मध्य जिला महिला शखा की संयोजक एस भैरवी ने शिकायत दर्ज कराई है।
यह विवादास्पद टिप्पणी सोमवार को तंजावुर में ‘पनागल बिल्डिंग’ के पास उदयनिधि के नेतृत्व में द्रमुक द्वारा किए गए एक प्रदर्शन के दौरान की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कावेरी मुद्दे पर उदयनिधि के भाषण के दौरान जब भीड़ ‘‘तृषा, तृषा’’ के नारे लगा रही थी, तो उन्होंने एक अश्लील और द्विअर्थी टिप्पणी के साथ जवाब दिया। शिकायतकर्ता ने उन पर और द्रमुक आईटी शाखा के पदाधिकारियों पर जानबूझकर महिलाओं को नीचा दिखाने, अभिनेत्री और सामान्य तौर पर महिलाओं को मानसिक पीड़ा पहुंचाने तथा जानबूझकर जन अशांति फैलाने के इरादे से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस घटना का दो मिनट 39 सेकंड का वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया।
इसी के साथ, टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पझा सेल्वकुमार ने नयी दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जिसमें आयोग से आग्रह किया गया है कि वह उदयनिधि से स्पष्टीकरण तलब करने के लिए नोटिस जारी करे और उन्हें बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने का निर्देश दे। द्रमुक ने कावेरी जल बंटवारे मुद्दे पर तमिलनाडु के अधिकारों को बनाए रखने के लिए दृढ़ कार्रवाई की मांग को लेकर तंजावुर में यह विरोध प्रदर्शन किया था। विवादास्पद टिप्पणियों के बाद, एन आनंद और आदव अर्जुन सहित राज्य सरकार के मंत्रियों व पार्टी नेताओं और विधायकों ने ‘एक्स’ पर द्रमुक की कड़ी निंदा की।
उन्होंने स्टालिन के आचरण को ‘‘बेहद घिनौना’’ करार देते हुए कहा कि ऐसी हरकतें ‘‘द्रमुक की मानसिकता, राजनीतिक संस्कृति और गिरते स्तर’’ को उजागर करती हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस मुद्दे पर द्रमुक नेता पर निशाना साधा है। भाजपा की तमिलनाडु इकाई के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इन टिप्पणियों को ‘‘घृणित, अश्लील, फूहड़ और शर्मनाक’’ बताते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की।
अन्य न्यूज़













