मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बादल छाए, बारिश के भी आसार

Weather in Madhya Pradesh
दिनेश शुक्ल । Apr 7 2021 7:07PM

हवाओं का रुख बदलने से राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। हालांकि गुरुवार से गर्मी के तीखे तेवरों में कुछ कमी आने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी हवाओं के साथ कुछ नमी भी आने लगी है, जिसके कारण आंशिक बादल भी छाने लगे हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान में हुई बढ़ोतरी से लोग परेशान है साथ ही प्रदेश के कई जिलों में लू भी चल रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार शाम को राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाने का अनुमान है। शुक्रवार-शनिवार को कहीं-कहीं बरसात भी हो सकती है, जिससे प्रदेशवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

 

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में 12 प्रतिशत हुआ कोरोना का पॉजीटिविटी रेट, हर जिले में खुलेंगे कोविड केयर सेंटर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर बना हुआ है। उसके प्रभाव से पंजाब और उससे लगे क्षेत्र पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इन दो सिस्टम के कारण हवाओं का रुख बदलकर पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हो गया है। हवाओं का रुख बदलने से राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। हालांकि गुरुवार से गर्मी के तीखे तेवरों में कुछ कमी आने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी हवाओं के साथ कुछ नमी भी आने लगी है, जिसके कारण आंशिक बादल भी छाने लगे हैं। 

 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के स्वास्थ्य आग्रह को बताया नौटंकी भरा इवेंट

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाने के आसार हैं। शुक्रवार-शनिवार को कहीं-कहीं बरसात भी हो सकती है। हवाओं की दिशा बदलने के कारण और वातावरण में नमी बढऩे के कारण बुधवार को पूर्वी मध्य प्रदेश को छोडक़र शेष स्थानों पर तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है। नौ-दस अप्रैल को प्रदेश में बादल छाने के आसार हैं। साथ ही बुरहानपुर, खंडवा, देवास, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, सिवनी, मंडला, बैतूल, हरदा में बादल छाने के साथ बौछारें पडऩे की भी संभावना है। इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

 

इसे भी पढ़ें: स्वास्थ्य आग्रह के समापन पर बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अंतिम विकल्प के रूप में करेंगे लॉकडाउन का उपयोग

मौसम विभाग के अनुसार दतिया, ग्वालियर, छतरपुर, सागर, दमोह में बुधवार को गर्म हवाएं चल सकती है। मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 26 स्थानों पर तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वही राज्य के टीकमगढ़, सागर, दमोह, नौगांव, गुना, ग्वालियर, रतलाम, सतना और खजुराहो में लू और गर्म हवाएं चली।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़