प्रियंका ने UP में मोर्चा तो संभाल लिया है लेकिन कार्यकर्ताओं की सेना तो है नहीं

priyanka-gandhi-faces-tough-fight-in-uttar-pradesh
अजय कुमार । Sep 6 2019 10:57AM

हद तो तब हो गई जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे प्रदेश सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद भी प्रियंका को पूरे यूपी की जिम्मेदारी सौंपने के लिए सोनिया गांधी ने कदम आगे बढ़ा दिए।

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा सियासत की पुरानी खिलाड़ी हैं। कभी वह अपनी माँ सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी तक सिमटी थीं। आम चुनाव में पूर्वी उत्तर प्रदेश (जिसे मोदी−योगी का गढ़ माना जाता है) में कांग्रेस को चुनाव जिताने की जिम्मेदारी प्रियंका पर डाली गई तो मानो कांग्रेसियों को हौसले की उड़ान मिल गई। होता भी क्यों नहीं, प्रियंका को वर्षों से कांग्रेस का छिपा हुआ ट्रम्प कार्ड माना जा रहा था। पूर्वी यूपी की प्रभारी बनते ही प्रियंका ने पूर्वांचल से भाजपा और मोदी की जड़ें खोदने के लिए खूब हाथ−पैर मारे। मोदी एंड टीम को लगातार कोसा। पूर्वी उत्तर प्रदेश की करीब 50 सीटों के प्रत्याशी उनके ही द्वारा तय किए गए, लेकिन नतीजा शून्य रहा। प्रियंका का न तो जादू चला, न कोई चमत्कार हुआ। कांग्रेस वोट प्रतिशत और सीटें जीतने, दोनों के मामले में पिछड़ गई। अर्थात् कांग्रेस को सबसे बुरा वक्त प्रियंका ने दिखा दिया था।

इसे भी पढ़ें: मंदी पर सरकार की चुप्पी खतरनाक, प्रियंका बोलीं- अफवाहें फैलाने से नहीं चलेगा काम

खैर, प्रियंका तो प्रियंका ठहरीं। गांधी परिवार में तो बच्चे 'चांदी के चम्मच' के साथ जन्म लेते हैं। इसीलिए प्रियंका से कोई सवाल नहीं पूछा गया। हार के कारणों को प्रियंका को दूर कर दिया गया। प्रियंका के दामन पर आंच नहीं आए इसलिए संगठन की कमजोरी, नेताओं की मनमानी और गुटबाजी पर सारा ठीकरा फोड़ दिया गया। जिस तरह से राहुल गांधी लगातार कई चुनावों में फ्लॉप होने के बाद भी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर विराजमान थे, उसी प्रकार प्रियंका को भी आगे बढ़ाने के लिए 'रेड कार्पेट' बिछा दिया गया।

इसे भी पढ़ें: योगी सरकार पर बरसीं प्रियंका, बोलीं- अब खजाना खाली कर जनता की जेब काटने लगी

हद तो तब हो गई जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे प्रदेश सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद भी प्रियंका को पूरे यूपी की जिम्मेदारी सौंपने के लिए सोनिया गांधी ने कदम आगे बढ़ा दिए। राहुल गांधी ने नैतिकता के आधार पर कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, मगर प्रियंका गांधी वाड्रा ने ऐसा कुछ नहीं किया। बल्कि वह राहुल गांधी की जगह कांग्रेस अध्यक्ष बनने का सपना देखने लगीं। उन्होंने गोलमोल शब्दों में अपने मन की बात मीडिया के सामने रखी भी, परंतु शायद सोनिया और राहुल नहीं चाहते होंगे कि कांग्रेस की कमान गांधी परिवार से निकल कर वाड्रा परिवार के हाथों में पहुंच जाए इसीलिए पूरी तरह से स्वस्थ्य नहीं होने के बाद भी सोनिया गांधी ने पार्टी की बागडोर स्वयं संभालना ज्यादा बेहतर समझा। प्रियंका इस निर्णय से अचंभित भले न हुईं हों, लेकिन उनके लिए यह फैसला किसी सदमे से कम नहीं था। सोनिया ने कमान संभाली तो प्रियंका ने अपने आप को फिर से उत्तर प्रदेश में स्थापित करने की मुहिम छेड़ दी। वह पूरे प्रदेश में घूम−घूमकर योगी सरकार के खिलाफ हमलावर हो गईं, तो सोनिया गांधी ने भी प्रियंका को यूपी तक सीमित करने की नीयत से पूरे उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर डालने में देरी नहीं की।

इसे भी पढ़ें: अर्थव्यवस्था पर वित्त मंत्री से बोलीं प्रियंका, राजनीति से ऊपर उठे और मंदी की बात स्वीकार करें

   

वैसे भी लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी शिकस्त के बाद से यूपी में प्रियंका के रोल को लेकर कांग्रेस में लगातार मंथन चल रहा था। प्रियंका ऐसे समय में यूपी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं जबकि राहुल गांधी यूपी से किनारा कर चुके हैं। राजनैतिक पंडितों को भले ही बदले सियासी माहौल में प्रियंका वाड्रा से कोई खास उम्मीद नहीं हो कि वह कांग्रेस के लिए कुछ कर पाएंगी, मगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस का भला चाहने वालों को जरूर लगता है कि प्रियंका डूबती कांग्रेस के लिए तिनके का सहारा बन सकती हैं।

प्रियंका लगातार योगी सरकार पर हमलावर हैं। सोनभद्र में जब भूमि विवाद में हत्याएं हुईं तो प्रियंका ने वहां जाकर खूब सियासत की थी। प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था से लेकर प्रियंका भाजपा नेताओं के अमर्यादित आचरण के खिलाफ अकसर बयान देती रहती हैं।

इसे भी पढ़ें: भोंपू बजाने वाली सरकार ने अर्थव्यवस्था की हालत पंचर कर दी: प्रियंका

बहरहाल, कांग्रेस की जमीनी हकीकत को देखा जाए तो पार्टी करीब तीन दशकों से यूपी की सत्ता से बाहर है। अंतिम कांग्रेसी मुख्यमंत्री के रूप में आज भी नारायण दत्त तिवारी का नाम अंकित है। तिवारी 25 जून 1988 से 05 दिसंबर 1989 तक यूपी के सीएम रहे थे। मंडल−कमंडल की राजनीति के उभार ने कांग्रेस को कहीं का भी नहीं छोड़ा। आज स्थिति यह है कि कभी यूपी की सबसे प्रमुख पार्टी कांग्रेस के वोट शेयर में क्षेत्रीय दल पूरी तरह से सेंध लगा चुके हैं।

कांग्रेस का 1984 तक यूपी में सिक्का चलता रहा। कांग्रेस की छवि देश आजाद कराने वाली पार्टी की थी। तब तक कांग्रेस के मुकाबले किसी भी दल का कोई खास जनाधार नहीं था। इंदिरा गांधी जैसा शक्तिशाली चेहरा कांग्रेस की जीत की गारंटी माना जाता था। हालात यह थे कि 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए लोकसभा चुनाव में भी राजीव गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने यूपी की 85 सीटों में से अकेले 83 सीटों पर जीत हासिल कर ली थीं। इस दौरान उसका वोट प्रतिशत 51.03 था। मगर राजीव का करिश्मा लम्बे समय तक नहीं चला। यूपी में कांग्रेस का जनाधार लगातार गिरता गया। 2014 के चुनावों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत 7 रह गया।

इसे भी पढ़ें: प्रियंका ने साधा मोदी सरकार पर निशाना, आखिर वो ‘गारंटर’ कौन है जो बैंक धोखाधड़ी होने दे रहा

कांग्रेस के मजबूत किले के ढहने की शुरुआत तब हुई जब नब्बे के दशक में राम मनोहर लोहिया आंदोलन, मंडल कमीशन और बीजेपी द्वारा राम मंदिर को लेकर अभियान शुरू हुआ। बीजेपी के हिंदुत्व के एजेंडे सहित अन्य दोनों वजहों से राज्य में पार्टी का जनाधार लगातार खिसकता चला गया। इसी दौरान मुलायम और मायावती जैसे नेताओं की राजनीति भी खूब चमकी, जिन्होंने वोट बैंक की राजनीति को खूब हवा−पानी दिया। वोट प्रतिशत की बात की जाए तो 1984 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 51.03 प्रतिशत वोट के साथ 83 सीटें हासिल हुईं थीं। 1989 में कांग्रेस का वोट प्रतिशत गिरकर 31.77 रहा गया। उसे महज 15 सीटें हासिल हुईं। 1991 में कांग्रेस को 18.02 प्रतिश वोट मिले और 5 सीटें हासिल हुईं। 1996 में भी कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं मगर उसका वोट प्रतिशत 8.14 तक पहुंच गया। 1998 में कांग्रेस का वोट प्रतिशत सबसे न्यूनतम स्तर 6.02 पर पहुंचा और उसका खाता भी नहीं खुल सका। 1999 के चुनावों में कांग्रेस ने वापसी की और 10 सीटों के साथ उसका वोट प्रतिशत 14.72 पहुंच गया। 2004 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत फिर गिरा। 12.04 वोट प्रतिशत के साथ कांग्रेस महज 9 सीटें जीतने में कामयाब रही। 2009 में कांग्रेस ने एक बार फिर वापसी करते हुए 21 सीटें हासिल कीं जबकि उसका वोट प्रतिशत 18.25 रहा।

इसे भी पढ़ें: योगी सरकार पर बरसी प्रियंका, कहा- महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में विफल

चुनाव आयोग से मिले आंकड़ों के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 49.6 प्रतिशत वहीं कांग्रेस को 6.31 प्रतिशत वोट मिले थे। जबकि 2014 में कांग्रेस को 7.50 प्रतिशत वोट मिले थे। यानी कांग्रेस को 1 फीसदी से ज्यादा वोटों का नुकसान हुआ है। राहुल अमेठी से चुनाव हार गए तो सोनिया की जीत का अंतर कम हो गया। 

इसे भी पढ़ें: निजीकरण के खिलाफ आंदोलन कर रहे रेल कोच फैक्टरी के कर्मचारियों से मिलेंगी प्रियंका

उधर, नई जिम्मेदारी के बीच कांग्रेस को मजबूती देने के लिए प्रियंका ने अपनी टीम तैयार कर ली है, जिसकी जल्द घोषणा हो सकती है। टीम चयन के लिए प्रियंका ने यूपी के आठ हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। ये टीम 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए काम करेगी। प्रियंका गांधी ने टीम चयन के लिए कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान सांसदों−विधायकों से लेकर पंचायत और ब्लॉक लेवल पर चुने गए कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। अपनी टीम में प्रियंका गांधी ने युवाओं और महिलाओं को खास तवज्जो दी है। इस टीम में उन्होंने 35 से 40 की उम्र के नेताओं को प्रमुख रोल दिया।

-अजय कुमार

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़