एशिया कप राइजिंग स्टार्स: Pakistan A ने India A को 48 रन से हराया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दोहा में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स ग्रुप बी मुकाबले में पाकिस्तान ए ने 313 रन बनाने के बाद भारत ए को 265 रन पर समेट दिया। भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रनों की शतकीय पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाजों के विफल रहने से टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। अभिषेक शर्मा ने 70 और शाहबाज अहमद ने 56 रन बनाकर संघर्ष किया।

कप्तान तिलक वर्मा (100) के शतक के बावजूद भारत ए को रविवार को यहां एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के ग्रुप बी मैच में पाकिस्तान ए से 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ए की टीम मध्यक्रम बल्लेबाज हसन नवाज की 79 रन की तेजतर्रार पारी के बाद 49.2 ओवर में 313 रन पर ऑल आउट हो गई थी। चुनौतीपूर्ण पिच पर 314 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था।

भारत ए के लिए तिलक (सात चौके, एक छक्का) के शतक के अलावा अभिषेक शर्मा (70 रन) और शाहबाज अहमद (56 रन) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं लेकिन अन्य बल्लेबाजों का बल्ला नहीं चला। इससे टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑल आउट हो गई। पाकिस्तान ए के लिए अली रजा और हसन नवाज ने तीन तीन विकेट झटके।

मोहम्मद इमरान ने दो खिलाड़ियों को आउट किया जबकि अहमद दानियाल और सुफयान मोकिम ने एक एक विकेट लिया। अभिषेक ने 42 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और इतने ही छक्के लगाए जिससे भारत ए टीम की उम्मीद बनी हुई थी। उनके आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे।

तिलक और शाहबाज ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की, लेकिन भारत के लिए लक्ष्य हासिल करना लगातार मुश्किल होता गया क्योंकि जरूरी रन गति 10 रन प्रति ओवर से ऊपर बनी हुई थी। वैभव सूर्यवंशी रन बनाने के लिए जूझते रहे और आउट होने वाले पहले खिलाड़ी रहे। तेज गेंदबाज मोहम्मद इमरान की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से चौका लगाने के बाद युवा बल्लेबाज ने फिर वैसा ही शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद हवा में चली गई और डीप में अब्दुल समद ने आसान कैच लपक लिया।

बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने इमरान को निशाना बनाया। उन्होंने इमरान की गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद लगातार पांच गेंदों के भीतर एक और चौका जड़ा।

उनका दूसरा छक्का प्वाइंट के ऊपर था। इससे अभिषेक ने महज 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया इसके बाद पाकिस्तान के कप्तान समद ने स्पिन गेंदबाजों को आक्रमण पर लगाया, लेकिन अभिषेक ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने ऑफ स्पिनर हसन नवाज की गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर भारत की रन गति बनाए रखी।

हालांकि, नवाज की गेंद पर गलत टाइमिंग से शॉट खेलने के कारण उनकी मनोरंजक पारी समाप्त हो गई। समद ने मिड ऑफ पर उनका कैच लपका। अभिषेक के आउट होते ही भारतीय पारी की रफ्तार धीमी पड़ गई।

शुरुआत में संघर्ष करने वाले तिलक ने आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे शाहबाज के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। तिलक ने पहली 36 गेंद में केवल आठ रन बनाए। हालांकि फिर उनकी बल्लेबाजी कुछ बेहतर हुई और उन्होंने अगली 59 गेंद में 42 रन बनाए।

लेकिन वह अपनी सहज लय हासिल नहीं कर सके। शाहबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने इमरान की गेंद पर फ्लिक करके चौका और छक्का लगाया।

शाहबाज ने 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अहम मौके पर आउट हो गए। उन्होंने रजा की गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की और डीप में नवाज ने उनका कैच पकड़ लिया। इसके बाद भारत ए की टीम आठ विकेट पर 241 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी और 314 रन के लक्ष्य से काफी दूर थी।

भारतीय टीम अंत तक इस अंतर को पाटने में नाकाम रही। इससे पहले पाकिस्तान की सीनियर सीमित ओवरों की टीम के नियमित सदस्य नवाज ने 82 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें पांच चौके और चार छक्के जड़े थे। सलामी बल्लेबाज माज सदाकत (59 रन) और शमील हुसैन (33 रन) ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़कर पाकिस्तान को तेज शुरुआत दिलाई।

हालांकि हर्षित राणा के साथ कुछ देर तक हुई बहस के बाद हुसैन का ध्यान भटक गया और वह जल्द ही आउट हो गए। आयुष बडोनी की गेंद पर राणा ने उनका कैच लिया। राणा ने जल्द ही रोहेल नजीर (शून्य) को भी आउट कर दिया जिससे पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 67 रन हो गया।

नवाज ने पारी की जिम्मेदारी संभाली और सदाकत के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। हालांकि सूर्यांश शेडगे (55 रन देकर दो विकेट) ने सदाकत को आउट करके इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद कप्तान अब्दुल समद ने नवाज के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।

इस दौरान पाकिस्तान ने छह रन प्रति ओवर से अधिक की गति से रन बनाए। हालांकि रिंकू सिंह और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के संयुक्त प्रयास से समद रन आउट हो गए। नवाज के आउट होने के बाद भारत ने मैच में अच्छी वापसी की।

शेडगे की गेंद पर उनका जोरदार शॉट डीप प्वाइंट सीमा रेखा के पास बडोनी ने लपक लिया। इस समय पाकिस्तान का स्कोर 38.2 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन था। इसके बाद फरहान यूसुफ ने 48 गेंद में 56 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया।

इस दौरान पिच से हालांकि गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिल रही थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़