Indian Companies ने US में किया 20.5 अरब डॉलर के नए निवेश का एलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी दूतावास के वाणिज्यिक मामलों के मंत्री-काउंसलर जॉन कोरोनाडो ने बताया कि इस साल भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में रिकॉर्ड 20.5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है। यह किसी भी देश के कारोबारी दल की तरफ से किया गया अब तक का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव है। दोनों देश 2030 तक आपसी व्यापार को बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।

भारतीय कंपनियों ने इस साल अमेरिका में रिकॉर्ड 20.5 अरब डॉलर के नए निवेश की घोषणा की है। यह किसी भी देश की कंपनियों की ओर से घोषित अब तक का सबसे अधिक निवेश है। अमेरिकी दूतावास के वाणिज्यिक मामलों के मंत्री-काउंसलर जॉन कोरोनाडो ने यहां इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) द्वारा आयोजित 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए निवेश बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहन देने और आपूर्ति श्रृंखला का बेहतर एकीकरण करने की जरूरत होगी।

उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध अब केवल खरीदारों और विक्रेताओं या व्यापार के प्रवाह तक सीमित नहीं रह गए हैं। कोरोनाडो ने कहा, ‘‘यह नवोन्मेषण, निवेश, उद्यमिता और साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने वाले भागीदारों की साझेदारी है।’’ ‘मिशन 500’ के तहत दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुने से अधिक बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा है। कोरोनाडो ने बताया कि इस साल आयोजित ‘सेलेक्टयूएसए इन्वेस्टमेंट समिट’ में भारतीय कंपनियों ने दवा, उन्नत विनिर्माण, ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों समेत अन्य के क्षेत्रों में निवेश की घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि इस शिखर सम्मेलन में 12 भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में एक अरब डॉलर से अधिक के नए निवेश (ग्रीनफील्ड विस्तार) की घोषणा की। किसी एक देश के प्रतिनिधिमंडल की ओर से की गई यह सबसे अधिक निवेश घोषणाएं थीं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा फरवरी, 2025 में शुरू की गई ‘यूएस-इंडिया कॉम्पैक्ट’ पहल का जिक्र करते हुए कोरोनाडो ने कहा कि दोनों नेताओं ने अमेरिका में भारतीय निवेश को द्विपक्षीय साझेदारी का अहम हिस्सा बनाया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़