Malaysia में भारतीयों के लिए Visa Free एंट्री 1 जनवरी 2027 से होगी बंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मलेशियाई आव्रजन विभाग ने अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिनों की वीजा छूट की व्यवस्था 2026 के अंत में समाप्त हो जाएगी। इसके बाद प्रवेश के लिए यात्रियों को पहले से वैध वीजा हासिल करना अनिवार्य होगा। आवेदक एक दिसंबर 2026 से माईवीजा पोर्टल पर अपने आवेदन जमा कर सकेंगे।

मलेशिया ने घोषणा की है कि वह एक जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा समाप्त कर रहा है। इससे पहले, इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को 30 दिनों के लिए वीजा से छूट दी जाती थी, और उन्हें केवल वहां पहुंचने से तीन दिन पहले ‘मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड’ के लिए पंजीकरण करना होता था। भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट एक दिसंबर, 2023 को लागू की गई थी और बाद में इसे 2026 के अंत तक बढ़ा दिया गया था।

मलेशिया के आव्रजन विभाग (जेआईएम) ने 17 नवंबर को जारी एक अधिसूचना में कहा कि एक जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसमें कहा गया है कि एक जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को वहां पहुंचने से पहले वैध वीजा लेना होगा। अधिसूचना के मुताबिक, एक दिसंबर 2026 से ‘माईवीजा’ पोर्टल के जरिये वीजा आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

जेआईएम ने कहा कि वीजा प्रसंस्करण शुल्क वापस नहीं किया जाएगा, चाहे आवेदन का परिणाम कुछ भी हो, नीति में बदलाव हो या बाद में यात्रा योजनाओं में कोई परिवर्तन आए। अधिसूचना में कहा गया कि मलेशिया का आव्रजन विभाग, मलेशिया सरकार के निर्देशों के अनुसार, इन प्रवेश शर्तों में कभी भी बदलाव करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इसमें आगंतुकों को सलाह दी गई है कि वे मलेशिया में अपने पूरे प्रवास के दौरान के लिए यात्रा चिकित्सा कवरेज ले लें।

गैर-निवासियों को चिकित्सा उपचार और उससे जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भुगतान करना होगा, और इन पर आने वाले सभी खर्चों की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। भारत ने सितंबर में मलेशिया में मौजूद अपने नागरिकों को सलाह दी थी कि वे वहां रोजगार तलाशने के लिए देश की 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल न करें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़