Stock Market Crash | पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल में उछाल से टूटा बाजार, सेंसेक्स 616 अंक और निफ्टी 190 अंक फिसला

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों के मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों के कमजोर रुख ने भी घरेलू बाजार पर दबाव बनाया।
पश्चिम एशिया (Mid-East) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी के कारण सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दो दिनों की लगातार तेजी के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भारतीय शेयर बाजार पर दोहरा दबाव बनाया। दो दिन की तेजी के बाद सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 616.15 अंक लुढ़ककर 76,946.97 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 190.50 अंक टूटकर 24,015 अंक पर पहुंच गया।
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में जमीन खरीद नीति से आसान होगी निवेश की राह, उद्योग जगत ने किया फैसले का स्वागत
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एनटीपीसी, एचसीएल टेक और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.96 प्रतिशत बढ़कर 79.02 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे निवेशकों की धारणा पर दबाव पड़ा है। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब सात प्रतिशत टूट गया। जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक भी नुकसान में कारोबार कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बीएसएफ की चेतावनी के बाद वापस भागा पाकिस्तानी घुसपैठिया
अमेरिका के शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,603.72 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीद की। इससे पहले शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 827.57 अंक की तेजी के साथ 77,569.39 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 244.10 अंक चढ़कर 24,206.90 अंक पर बंद हुआ था।
अन्य न्यूज़














