Share Market में कोहराम के साथ रुपये में भारी गिरावट, US Dollar के मुकाबले 95.77 पर

Sinks Markets
प्रतिरूप फोटो
AI Image

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 39 पैसे कमजोर होकर 95.77 पर आ गया। वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड के 79 डॉलर प्रति बैरल पार करने और डॉलर सूचकांक में मजबूती से घरेलू मुद्रा और शेयर बाजार दोनों पर नकारात्मक असर पड़ा।

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार मेंअमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 39 पैसे टूटकर 95.77 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत 79 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई, जिससे रुपये पर दबाव बढ़ा। उन्होंने कहा कि घरेलू मुद्रा के कमजोर शुरुआत के साथ 95.53 प्रति डॉलर के स्तर पर खुलने की उम्मीद थी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.72 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में 95.77 प्रति डॉलर के स्तर तक गिर गया। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 39 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले नौ पैसे मजबूत होकर 95.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़कर 101.12 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 4.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.09 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 616.15 अंक टूटकर 76,946.97 अंक पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 190.50 अंक गिरकर 24,015 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,603.72 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़