Nikhil Gupta को US Court ने सुनाई 235 महीने की जेल, पन्नू हत्या साजिश में मिली सजा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

न्यूयॉर्क की संघीय अदालत ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को करीब साढ़े 19 साल कैद की सजा दी है। सुनवाई के दौरान गुप्ता ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि सजा पूरी होने के बाद उनके खिलाफ निर्वासन की प्रक्रिया शुरू होगी।

(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 20 नवंबर भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिकी धरती पर एक सिख चरमपंथी की हत्या की सुपारी देने की साजिश में शामिल होने के मामले में शुक्रवार को अमेरिकी संघीय अदालत के एक न्यायाधीश ने 235 महीने (करीब 19 साल सात माह) कैद की सजा सुनाई। खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों को गुप्ता (55) ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में स्वीकार कर लिया था। इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, इसकी साजिश रचने और धनशोधन की साजिश रचने के आरोप शामिल हैं।

न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद गुप्ता को 235 महीने जेल की सजा सुनाई। न्यायाधीश ने गुप्ता पर निगरानी में रिहाई (सुपरवाइज्ड रिलीज) की कोई अतिरिक्त शर्त नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि जेल की सजा पूरी होने के बाद गुप्ता के खिलाफ निर्वासन और देश से निष्कासन की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

गुप्ता ने भूरे रंग की जेल की पोशाक पहने हुए, मार्शलों की सुरक्षा में अदालत कक्ष में प्रवेश किया। अंदर आते ही उसने कमरे का जायजा लिया और अपने वकीलों के बीच बैठ गया। गुप्ता ने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उसे उम्मीद थी कि वह इन नेताओं के आदर्शों पर चलकर जीवन बिताएगा।

गुप्ता ने अदालत में अंग्रेजी में करीब छह मिनट का संक्षिप्त बयान दिया और अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। उसने कहा, मैंने जो किया है, उसे पलट नहीं सकता। मैं पन्नू, समुदाय और बिरादरी से माफी मांगता हूं।

मुझे खेद है। यह कहते हुए उसने पन्नू की ओर देखा। पन्नू सुनवाई के दौरान अदालत कक्ष में मौजूद था।

उसके साथ सिख समुदाय के कई सदस्य भी आए थे। गुप्ता ने कहा कि उसके परिवार, पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ी है और उन्हें उस काम के लिए सजा भुगतनी पड़ रही है, जो उन्होंने नहीं किया। अदालत में अपनी बात रखते हुए गुप्ता भावुक हो गया और उसकी आवाज भर्रा गई।

उसने कहा कि अदालत उसे जो भी सजा देगी, वह उसे स्वीकार करेगा और सजा पूरी करने के बाद एक बेहतर इंसान बनकर बाहर आएगा। वहीं, पन्नू ने अपना बयान देते हुए दावा किया कि जब से उसके जीवन को खतरे का पता चला है, तब से वह 1200 दिनों से अधिक समय से अपनी नियमित वकालत नहीं कर पा रहा है। पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी।

उसके लंबे बयान के दौरान एक समय न्यायाधीश ने उससे अपनी बात संक्षेप में रखने और बयान समाप्त करने को कहा, ताकि अदालत आगे की कार्यवाही कर सके। न्यायाधीश ने 235 महीने की सजा सुनाते हुए कहा कि अपराध की प्रकृति को देखते हुए यह सजा उचित और तर्कसंगत है। फैसले के बाद बचाव पक्ष के वकीलों ने सजा पर निराशा जताई।

उन्होंने कहा कि वे गुप्ता के लिए जेल की कम अवधि वाली सजा चाहते थे। सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क में अदालत भवन के बाहर गुप्ता और अन्य लोगों के पुतले लेकर एकत्र हुए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़