Xi Jinping ने बढ़ाया Bangladesh की ओर दोस्ती का हाथ, BRI समेत 13 समझौतों पर हुए साइन

China-Bangladesh
AI Generated

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को नयी सरकार के लिए बीजिंग के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है, साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले 'बेल्ट एंड रोड' सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जो द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती प्रदान करते हैं।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को यहांबांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के दौरान ढाका की नयी सरकार को बीजिंग का समर्थन देने का आश्वासन दिया। चीन की पांच दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन रहमान ने बीजिंग स्थित ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में शी से मुलाकात की। शी ने रहमान से कहा कि चीन बांग्लादेश की नयी सरकार के सुचारु प्रशासन का समर्थन करता है और ढाका के साथ उच्च गुणवत्ता वाले ‘बेल्ट एंड रोड’ सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी ने कहा कि चीन बांग्लादेश के साथ प्रमुख सहयोग योजनाएं तैयार करने तथा हरित एवं निम्न-कार्बन विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का पूरा उपयोग करने का इच्छुक है। शी से मुलाकात से पहले रहमान ने चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की स्थायी समिति अध्यक्ष झाओ लेजी से भेंट की और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

रहमान ने बृहस्पतिवार को चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग के साथ वार्ता की थी, जिसके बाद दोनों देशों ने 13 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने तीस्ता तथा अन्य नदियों के प्रबंधन में सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति व्यक्त की। यह सहमति बृहस्पतिवार को रहमान और चीन के जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग के बीच हुई एक अलग बैठक के बाद बनी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़