हेमंत सोरेन के बयान पर नीतीश का पलटवार, बोले- एक ही परिवार के दो भाई हैं बिहार और झारखंड

Nitish Kumar

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इन बातों पर कभी विचार नहीं करना चाहिए। बिहार और झारखंड एक ही परिवार के भाई हैं। बिहार और झारखंड को एक दूसरे के बारे में टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।

पटना। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भोजपुरी और मगही भाषाओं को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि साल 2,000 में बिहार दो हिस्सों में बंट गया था। फिर भी बिहार और झारखंड के लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं। मुझे नहीं पता कि लोग राजनीतिक रूप से क्या कहते हैं लेकिन झारखंड के अलग होने के बावजूद हमें उनसे प्यार है। 

इसे भी पढ़ें: PM के जन्मदिन पर बिहार में वैक्सीनेशन मेगा ड्राइव, तेजस्वी बोले- क्या एक दिन के लिए सारे दिनों का टीकाकरण रोक दिया गया? 

क्या बोले थे हेमंत सोरेन ?

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में कहा था कि आदिवासी समाज ने झारखंड के एक अलग राज्य के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह अपनी क्षेत्रीय और आदिवासी भाषाओं के कारण लड़ी, न कि भोजपुरी और हिंदी के कारण। वे किसी भी हाल में झारखंड के ‘बिहारीकरण’ की अनुमति नहीं देंगे। जो मगही या भोजपुरी बोलते हैं, वे प्रभुत्वशाली व्यक्ति हैं।

इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इन बातों पर कभी विचार नहीं करना चाहिए। बिहार और झारखंड एक ही परिवार के भाई हैं। बिहार और झारखंड को एक दूसरे के बारे में टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। उन्हें सिर्फ एक-दूसरे से प्यार है। 

इसे भी पढ़ें: बख्तियारपुर की बात पर भड़के नीतीश कुमार, कहा- नहीं बदलेंगे नाम, यह मेरा जन्म स्थान है 

6 करोड़ से ज्यादा को लगी वैक्सीन

इसी बीच नीतीश कुमार ने वैक्सीनेशन अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम लोग 6 महीने में 6 करोड़ से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज़ लगा देंगे। हमने पीएम मोदी के जन्मदिन पर तय किया था कि कम से कम 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाएंगे। लेकिन हमने इससे भी ज़्यादा लोगों को वैक्सीन लगाया।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे यहां के स्वास्थ्य विभाग और इससे संबंधित सभी लोग तथा पूरा प्रशासन सक्रिय है इस सक्रियता के कारण निश्चित रूप से हम लोग वैक्सीनेशन का काम तेज़ी से जारी रखेंगे। हमने सभी लोगों को अलर्ट पर रखा हुआ है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़