Congress पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का वार, Telangana को दिल्ली का ATM बनाने का लगाया आरोप

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कांग्रेस पर तेलंगाना को अपने केंद्रीय नेतृत्व का एटीएम बनाकर अराजकता की ओर धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल तेलंगाना की जमीन का इस्तेमाल देश विरोधी ताकतों को जोड़ने के लिए कर रहा है। नवीन सोमवार को करीमनगर पहुंचकर एक जनसभा को संबोधित करेंगे और पदयात्रा में शामिल होंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसने तेलंगाना को दिल्ली में बैठे अपने नेतृत्व का ‘एटीएम’ बना दिया है और राज्य को अराजकता की ओर धकेल रही है। तेलंगाना दौरे से एक दिन पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तेलंगाना की धरती का इस्तेमाल ‘भारत विरोधी ताकतों’ को एक मंच पर लाने और देश को गुमराह करने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने तेलंगाना को दिल्ली में बैठे अपने नेतृत्व का एटीएम बना दिया है।
शासन करने के बजाय कांग्रेस राज्य को अराजकता की ओर धकेल रही है। वह भारत विरोधी ताकतों को एक मंच पर लाने और देश को गुमराह करने के लिए तेलंगाना की धरती का इस्तेमाल कर रही है। इस राज्य के लोगों ने उसके विभाजनकारी एजेंडे को समझ लिया है और उसे उचित जवाब देंगे।
नवीन ने कहा कि वह सोमवार को तेलंगाना पहुंचकर करीमनगर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में राज्य के लोगों के साथ शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। भाजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, एक दिवसीय दौरे पर तेलंगाना पहुंच रहे नवीन वैश्य भवन के पास एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल से कमान चौराहे तक पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
अन्य न्यूज़













