SD Pay App से 1,211 करोड़ रुपये की ठगी, Randeep Surjewala ने सरकार से पूछे तीखे सवाल

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि डिजिटल वॉलेट ऐप के जरिए 6.5 लाख से अधिक परिवारों के साथ 1,211 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने केंद्र और गुजरात सरकार पर जांच एजेंसियों की निष्क्रियता को लेकर सवाल खड़े किए। वहीं पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को गुजरात और केंद्र की भाजपा सरकारों पर एसडी पे या अपना पे नाम के डिजिटल वॉलेट ऐप के जरिए कथित धोखाधड़ी के मामले में सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि पिछले तीन वर्ष में छह लाख 50 हजार से अधिक परिवारों से 1,211 करोड़ रुपये की ठगी की गई। कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) जैसी एजेंसियां भी इस मामले में कार्रवाई करने में नाकाम रहीं।
उन्होंने कहा कि 2024 से 2026 के बीच सरकार की नाक के नीचे इतनी बड़ी धोखाधड़ी होती रही, लेकिन पुलिस, साइबर अपराध शाखा, केंद्रीय वित्त मंत्री और गृह मंत्री सोते रहे। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि इन मोबाइल ऐप के पीछे के लोगों ने खुद को राष्ट्रवादी बताया और उनके सरकार से संबंध थे। उन्होंने कहा कि कुल 1,211 करोड़ रुपये गंवाने वाले छह लाख 53 हजार से अधिक परिवार अब अपना पैसा वापस पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
प्रभावित परिवारों में पांच लाख 25 हजार गुजरात के हैं, जबकि बाकी 14 अन्य राज्यों के हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में 18 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें से 13 गुजरात में हैं। सुरजेवाला ने कहा, पूरी जांच से इस धोखाधड़ी का कुल आकार 3,000 करोड़ रुपये तक होने का पता चल सकता है।
यह घोटाला 2024-25 में उत्तर गुजरात में शुरू हुआ और बाद में अहमदाबाद तक फैल गया। आरोपियों ने सेमिनार और बड़े पैमाने पर प्रचार अभियानों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाया। धोखाधड़ी का तरीका सरल था।
अपना पैसा जमा करें और बदले में कई गुना रकम पाएं। कांग्रेस नेता ने वडोदरा में एक कॉलेज छात्र और उसके माता-पिता का उदाहरण दिया। परिवार एक कमरे के फ्लैट में रहता था।
छात्र की मां शिक्षिका हैं और उनके परिवार में पति भी हैं। सुरजेवाला के अनुसार, परिवार ने अपना फ्लैट बेचकर मिले नौ लाख 80 हजार रुपये इस योजना में निवेश किए थे। उन्होंने बताया कि सुरेंद्रनगर में एक नौकरीपेशा व्यक्ति और उसकी पत्नी ने इस योजना में 60 लाख रुपये लगाए थे, जो उन्होंने गंवा दिए।
सुरजेवाला ने सवाल किया कि जब देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री गुजरात से आते हैं, तो क्या भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें इस धोखाधड़ी से अनजान थीं या फिर आरोपियों को सक्रिय रूप से संरक्षण दे रही थीं? उन्होंने पूछा कि क्या मोदी और भूपेंद्र पटेल सरकारें नियामकीय निगरानी, बैंकिंग व्यवस्था की निगरानी, डिजिटल भुगतान के नियमन, निवेशकों की सुरक्षा और मोबाइल ऐप की संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा जांच के लिए जिम्मेदार नहीं हैं? उन्होंने कहा, क्या कोई प्रभावशाली व्यक्ति इस गिरोह को संरक्षण दे रहा था, जो आम लोगों को ठग रहा था?
यह पूरी रकम बैंकिंग माध्यमों से भेजी गई और इसका पता लगाया जा सकता है। फिर अब तक इसे जब्त क्यों नहीं किया गया? क्या गुजरात और केंद्र सरकार पीड़ितों को पैसा लौटाने के लिए विशेष कोष नहीं बना सकतीं?
सुरजेवाला ने कहा कि गुजरात कांग्रेस समिति एक याचिका तैयार करेगी और धोखाधड़ी के शिकार सभी लोगों से उनके वित्तीय नुकसान का ब्योरा लेकर हस्ताक्षर करवाएगी। इस याचिका को गुजरात के संबंधित अधिकारियों के पास ले जाया जाएगा, ताकि पीड़ितों का पैसा वापस दिलाने के लिए कार्रवाई शुरू की जा सके। इस बीच, अमरेली पुलिस के अनुसार, इस मामले में एसडी पे ऐप के मालिक धवल पटेल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर गढ़वी ने बताया कि अब तक धवल पटेल सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सात फर्जी कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के 17 बैंक खातों में 1,060 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन पाया गया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि इस वित्तीय लेनदेन का नेटवर्क राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था।
अन्य न्यूज़














