CEC ज्ञानेश कुमार तुरंत इस्तीफा दें: चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी पर Congress का बड़ा हमला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर के जरिए मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं। पार्टी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भी जवाबदेह ठहराने की बात कही है।

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि इस ‘‘घिनौनी साजिश’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब अंग्रेजी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि गोवा में 97 मतदाताओं के मामलों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने दस्तावेजों की जांच करने और सुनवाई के बाद उन्हें अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने योग्य पाया था, लेकिन ‘‘ईसीआईनेट’’ सॉफ्टवेयर में उन्हें दोबारा शामिल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं था।

गोवा के सीईओ कार्यालय ने इस संबंध में सात दिनों में आठ बार अनुरोध किया था। रमेश ने इस खबर का उल्लेख करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘प्रत्येक नए साक्ष्य’’ से इस बात की पुष्टि होती है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले करीब दो वर्षों से चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठाते रहे हैं, वे गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया ‘‘चुनाव प्रक्रिया से पूरी तरह से समझौता कर लिया गया है और इसे दूषित कर दिया गया है।’’ रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की पूरी प्रक्रिया ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर को सौंप दी गई है और इसके कारण एसआईआर के तीसरे चरण में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए या चिह्नित किए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में 54 प्रतिशत और सभी राज्यों में करीब 12 करोड़ मतदाताओं को हटाया या चिह्नित किया गया है। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि ईआरओ की ईसीआईनेट तक पहुंच सीमित करना ‘‘केंद्रीकरण की अवैध कार्रवाई’’ है। रमेश ने खबर का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों ने इस मुद्दे को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी।

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 की प्रक्रिया को भी कठिन बनाया गया है और इससे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद से राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, जो अब सही साबित हो रहे हैं। कांग्रेस नेता ने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘पहले कदम के तौर पर सीईसी ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’’ उन्होंने यह दावा भी किया कि कुमार के इस्तीफे के बाद इस ‘‘घिनौनी साजिश’’ के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को ‘‘जवाबदेह ठहराया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़