World Chess Championship से पहले Viswanathan Anand ने D Gukesh को दी तनावमुक्त रहने की सलाह

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बुडापेस्ट में दिग्गज ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने जिनेवा मुकाबले से पूर्व डी गुकेश को भविष्य की चिंता छोड़कर खेल का आनंद लेने का सुझाव दिया। विश्व चैंपियनशिप में 20 वर्षीय गुकेश का सामना उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव से होगा। लगातार निराशाजनक नतीजों के बाद भारतीय चैंपियन विश्व रैंकिंग में 26वें पायदान पर फिसल चुके हैं।

(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 20 नवंबर भारत के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने अगले सप्ताह जिनेवा में शुरू होने वाले विश्व शतरंज चैंपियनशिप के मुकाबले से पहले मौजूदा चैंपियन डी गुकेश को किसी तरह की चिंता नहीं करने और अपने खेल का भरपूर लुत्फ लेने की सलाह दी। गुकेश इस इस मुकाबले में उज़्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव का सामना करेंगे। इस भारतीय खिलाड़ी की हाल में फॉर्म अच्छी नहीं रही है।

गुकेश और सिंदारोव दोनों की उम्र 20 साल है और वे शतरंज के इतिहास में विश्व चैम्पियनशिप मैच में भाग लेने वाले सबसे कम उम्र के प्रतिभागी हैं। आनंद ने टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा है कि कभी-कभी चीजों को भविष्य पर छोड़ देना और सहज रहना महत्वपूर्ण होता है क्योंकि आप कितनी भी चिंता कर लें कुछ चीजें ठीक नहीं होती हैं।’’ विश्व चैंपियन बनने के बाद से गुकेश के प्रदर्शन में काफी गिरावट आई है। लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के कारण वह विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर खिसक गए हैं और उनकी रेटिंग 2710 है।

उन्होंने मार्च में प्राग मास्टर्स, जून में नॉर्वे शतरंज और जुलाई में क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में अंतिम या संयुक्त रूप से अंतिम स्थान हासिल किया था। आनंद ने कहा, ‘‘मैं पिछले पांच-छह साल से उससे इस बारे में बात करता आ रहा हूं। मैंने कई बार उससे कहा कि जब मैं 20 या 18 साल का था, तब मैं भी तुम्हारी तरह चिंता करता था।

लेकिन कुछ ऐसे मौके होते हैं जब चिंता करने का कोई मतलब नहीं होता है। चिंता करने से आपके प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं होगा, इसलिए बेहतर यही है कि आप इस पल का भरपूर आनंद लें।’’ गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, आर प्रज्ञाननंदा और उनकी बहन आर वैशाली ने आनंद की छत्रछाया में ही इस खेल में आगे कदम बढ़ाए जबकि जबकि रुस्तम कासिमदज़ानोव ने उज्बेकिस्तान में सिंदारोव जैसे खिलाड़ियों के लिए इसी तरह की भूमिका निभाई। आनंद ने कहा, ‘‘मुझे इस बात से खुशी होती है कि उन्हें ‘विशी (आनंद) के बच्चे’ कहा जाता है, हालांकि मैं श्रेय लेने में काफी सावधानी बरतता हूं।

इसमें कंप्यूटर की बहुत बड़ी भूमिका होती है, लेकिन हमेशा की तरह किसी व्यक्ति के साथ हाेने से मदद मिलती है जिसके पास कुछ ज्ञान या अनुभव हो। मुझे लगता है कि रुस्तम और मैंने यह भूमिका निभाई।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़