Shashi Tharoor ने Corporate India पर PM Modi के बयान का किया समर्थन, रोजगार पर जताई चिंता

Congress
ANI
अभिनय आकाश । Nov 23 2026 12:47PM

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा नौकरियां और वेतन न बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी का समर्थन किया है। उन्होंने स्नातकों के लिए रोजगार की निराशाजनक स्थिति पर चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही थरूर ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और बढ़ते भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार की नीतियों की भी आलोचना की।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस आलोचना का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कॉर्पोरेट इंडिया को आड़े हाथों लिया था। मोदी ने कहा था कि टैक्स में छूट मिलने के बावजूद, ये कंपनियां न तो नौकरियां पैदा कर पाईं और न ही वेतन बढ़ा पाईं। थरूर ने कहा कि देश में रोजगार की स्थिति, खासकर ग्रेजुएट्स के लिए, बेहद खराब बनी हुई है। थरूर ने सरकार के रेगुलेटरी ढांचे की भी आलोचना की और कहा कि भ्रष्टाचार और बढ़ गया है। इस दौरान उन्होंने मोदी के न खाऊंगा, न खाने दूंगा वाले नारे पर भी तंज कसा। केरल के तिरुवनंतपुरम में बोलते हुए, थरूर ने कहा कि टैक्स में राहत पाने के बाद भी कंपनियों द्वारा अपने वादे पूरे न कर पाने को लेकर प्रधानमंत्री की टिप्पणी, देश की आर्थिक स्थिति की सच्चाई को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह एक सच्चाई है। हो सकता है कि कॉरपोरेट जगत के पास इसके बचाव में अपनी कोई दलील हो, लेकिन जहाँ तक मैं समझता हूँ, उनका तर्क यह है कि सरकार ने टैक्स इसलिए कम किए थे ताकि कंपनियों को ज्यादा निवेश करने, अधिक नौकरियां पैदा करने और वेतन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके, लेकिन कंपनियों ने अपनी तरफ से किए गए वादे को पूरा नहीं किया है। 

इसे भी पढ़ें: UP 2027: सभी 403 सीटों पर तालमेल के लिए SP और Congress ने बनाई 4-4 सदस्यीय कमेटी


रोज़गार का माहौल काफी निराशाजनक है


थरूर ने नौकरी चाहने वालों, खासकर कॉलेज से स्नातक करने वालों के सामने आ रही मुश्किलों पर प्रकाश डाला और कहा कि रोज़गार की स्थिति पर अधिक ध्यान देने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा लोग हमें बताते हैं कि नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो गया है। उदाहरण के लिए, ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी IIT ग्रेजुएट को प्लेसमेंट नहीं मिल पाया। मेरा मतलब है कि पहले ऐसी बातें सुनने को नहीं मिलती थीं, जिससे पता चलता है कि रोज़गार का माहौल, खासकर कॉलेज से स्नातक करने वालों के लिए, काफी निराशाजनक है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि आर्थिक विकास की जिम्मेदारी को लेकर सरकार और कॉर्पोरेट जगत के बीच चल रही बहस पर करीब से नजर रखी जानी चाहिए। थरूर ने कहा अगर प्रधानमंत्री कंपनियों की ओर उंगली उठा रहे हैं और कंपनियां सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही हैं, तो यह ऐसी चीज है जिस पर हम नजर रख सकते हैं। हमारा मानना ​​है कि सरकार कुछ चीजें बेहतर तरीके से कर सकती है।

इसे भी पढ़ें: संसद सत्र की तारीखों में देरी पर Congress का हमला, Jairam Ramesh बोले- सरकार बना रही खतरनाक योजना


थरूर ने 'ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस' (व्यापार करने में आसानी) पर सवाल उठाए


थरूर ने सरकार के रेगुलेटरी ढांचे की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस में सुधार के दावों के बावजूद, कारोबारियों को अभी भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वे नियमों को आसान बना सकते थे लेकिन असल में ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस जैसी कोई चीज़ नहीं है। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिन कारोबारियों से उनकी बात हुई, उनका मानना ​​है कि हालात और खराब हो गए हैं। उन्होंने कहा मुझे यह कहते हुए अफ़सोस हो रहा है कि जिन भी कारोबारियों से मेरी बात हुई, उनके अनुसार भ्रष्टाचार पहले से कहीं ज़्यादा बढ़ गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़