Rajasthan के Tonk में पंचायत चुनाव परिणाम के बाद गांव से हटाई गईं 50 स्ट्रीटलाइटें

Rajasthan के Tonk में पंचायत चुनाव परिणाम के बाद गांव से हटाई गईं 50 स्ट्रीटलाइटें
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी की हार के कुछ ही घंटों बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने गांव में लगी लगभग 50 स्ट्रीटलाइटें हटा दीं। ग्रामीणों ने इस कदम को चुनावी हार से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं, जबकि बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने इन लाइटों को बिना अनुमति लगाए जाने की बात कही है।

राजस्थान के टोंक जिले के एक गांव में ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार की हार के कुछ घंटों बाद ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने गांव में लगी लगभग 50 स्ट्रीटलाइटें हटा दीं। हालांकि पीपलू गांव में बिजली विभाग के सहायक अभियंता गोवर्धन चौधरी ने बताया कि ये स्ट्रीटलाइट बिना आधिकारिक अनुमति के लगाई गई थीं और इन्हें विभागीय नीति के तहत हटाया गया है। यह घटना पीपलू पंचायत समिति के वार्ड दो में हुई।

पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका शर्मा को उनके प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस के धन्ना लाल ने 751 वोटों से हरा दिया। प्रियंका निवाई विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राम सहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गांव की गलियों में स्ट्रीटलाइटें 24 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान लगाई गई थीं ताकि रिहायशी इलाकों में रोशनी हो सके, जो पहले रात में अंधेरे में डूबे रहते थे।

गत शुक्रवार को चुनाव परिणाम आने के कुछ घंटों बाद ही बिजली विभाग के कर्मचारी एक गाड़ी में आए और इन लाइटों को हटा दिया। चौधरी ने कहा, ‘‘ये लाइटें बिना अनुमति के लगाई गई थीं।’’ उन्होंने यह भी बताया कि अन्य वार्डों में भी बिना अनुमति के लगाई गई स्ट्रीटलाइटों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई के समय पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लाइटें इसलिए हटाई गईं क्योंकि भाजपा उम्मीदवार चुनाव हार गई थीं।

उन्होंने कहा कि इन लाइटों के लगने से अंधेरे से राहत मिली थी और स्थानीय निवासी इनकी तारीफ भी कर रहे थे। वहीं विधायक वर्मा ने इस बात से इनकार किया कि लाइटें हटवाने में उनका या उनके निजी सहायक का कोई हाथ है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़