'भाजपा के साथ सरकार बनाकर नहीं किया कुछ गलत', CM शिंदे बोले- विधायक चाहते थे नई सरकार का हिस्सा बनें फडणवीस

Eknath Shinde
प्रतिरूप फोटो
ANI Image

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि शिवसेना और भाजपा का स्वाभाविक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि विधायक चाहते थे कि भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस सरकार का हिस्सा बनें, उनके पास एक बहुमत और 170 विधायकों का समर्थन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता विपक्ष से सत्ताधारी दल की ओर बढ़ते हैं लेकिन हमने सत्ताधारी दल को छोड़ा।

मुंबई। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बागी विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। इसी बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भाजपा के साथ सरकार बनाने के फैसले पर खुलकर बात की। उन्होने कहा कि हमने भाजपा के समर्थन से प्रदेश में सरकार बनाकर कुछ भी गलत नहीं किया।

इसे भी पढ़ें: किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए टीमें तैयार, भारी बारिश के बाद एकनाथ शिंदे ने की राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक 

अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट 'इंडिया टुडे' के साथ खास बातचीत में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि शिवसेना और भाजपा का स्वाभाविक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि विधायक चाहते थे कि भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस सरकार का हिस्सा बनें, उनके पास एक बहुमत और 170 विधायकों का समर्थन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता विपक्ष से सत्ताधारी दल की ओर बढ़ते हैं लेकिन हमने बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए सत्ताधारी दल को छोड़ा। विधायकों ने महाराष्ट्र और उनके निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए महा विकास अघाड़ी सरकार को छोड़ दिया।

इसी बीच देवेंद्र फडणवीस के उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल होने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट रूप से कहा था कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और वह सरकार का हिस्सा नहीं होंगे बल्कि अपना समर्थन देंगे। लेकिन हम चाहते थे कि वह महाराष्ट्र की प्रगति के लिए राज्य का हिस्सा बने।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं ने देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनने का निर्देश दिया और उन्होंने (देवेंद्र फडणवीस) ने आदेश स्वीकार कर लिया। हमें खुशी है कि वह उपमुख्यमंत्री बनने के लिए सहमत हुए।

इसे भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे का फैसला पलटने को लेकर बोले फडणवीस, मैंने कहा था- अपना अहंकार छोड़कर मुंबईकरों के लिए आरे में कारशेड बनाने दीजिए 

गौरतलब है कि राज्यपास भगत सिंह कोश्यारी से मिलने के बाद एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और मैं मंत्रिमंडल से बाहर रहूंगा। देवेंद्र फडणवीस के इस ऐलान से सभी चकित रह गए थे। क्योंकि माना जा रहा था कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़