Goa के Calangute Beach पर चार झोपड़ियां जलकर खाक, प्रभावितों को आर्थिक मदद

Goa के Calangute Beach पर चार झोपड़ियां जलकर खाक, प्रभावितों को आर्थिक मदद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तरी गोवा के कैलंगुट बीच पर बृहस्पतिवार की सुबह आग लगने से चार अस्थायी झोपड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। हादसे में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित संचालकों को दो-दो लाख रुपये की वित्तीय मदद देने का ऐलान किया।

उत्तरी गोवा के कैलंगुट बीच पर बृहस्पतिवार सुबह आग लगने से चार अस्थायी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने कैलंगुट के विधायक माइकल लोबो और पर्यटन निदेशक केदार नाइक के साथ घटनास्थल का दौरा किया और प्रभावित संचालकों को दो-दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। खुंटे ने कहा कि इस सहायता में एक लाख रुपये राज्य के पर्यटन विभाग की ओर से और एक लाख रुपये उनकी ओर से दिए जाएंगे। सरकार प्रभावित संचालकों को अपनी अस्थायी झोपड़ी दोबारा बनाने और मौजूदा पर्यटन सीजन में कारोबार फिर से शुरू करने के लिए हरसंभव मदद देगी।

उन्होंने कहा, गोवा के कई पारंपरिक परिवार (जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं) इन झोपड़ियों का संचालन करते हैं। उनकी मदद करना हमारा दायित्व है और इस मुश्किल समय में हम उनके साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं। खुंटे ने कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने आग पर तुरंत काबू पाने के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से मदद देने का आश्वासन दिया है। स्थानीय विधायक और अन्य संबंधित पक्षों ने भी सहायता का भरोसा दिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़