Odisha में 100 साल के विजन के साथ बनेगा Flood Management रोडमैप, IIT Roorkee से मांगी मदद

आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को बताया कि ओडिशा सरकार आठ प्रमुख नदी प्रणालियों के किनारे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 100 वर्ष की दृष्टि वाला दीर्घकालिक रोडमैप तैयार कर रही है। राज्य में लगातार तीन चक्रवातों और बारिश से हुए नुकसान के बाद यह निर्णय लिया गया है। इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट और तकनीकी सहयोग के लिए संस्थान से संपर्क किया गया है।
आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को कहा कि ओडिशा सरकार प्रमुख नदी प्रणालियों के किनारे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और चक्रवात, बाढ़ तथा भूस्खलन जैसी बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए एक दीर्घकालिक रणनीति तैयार कर रही है। यह कदम राज्य में लगातार आए तीन चक्रवातों और उसके बाद हुई बारिश से हुए भारी नुकसान के मद्देनजर उठाया गया है। पुजारी ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘अब बहुत हो चुका।
राज्य के पास आपदाओं से निपटने और समय-समय पर होने वाले भारी नुकसान को कम करने के लिए एक उचित बाढ़ प्रबंधन योजना होनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 100 साल की दृष्टि के साथ एक दीर्घकालिक रोडमैप तैयार कर रही है, जिसमें राज्य की 11 नदी प्रणालियों में से आठ पर बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम 100 साल की दृष्टि के साथ एक रणनीति पर काम कर रहे हैं, जिसमें राज्य की 11 नदी प्रणालियों में से आठ नदियों पर बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। ओडिशा की नदी प्रणालियों के बारे में एक विस्तृत नोट तैयार किया जा रहा है।’’ पुजारी ने बताया कि महानदी और रेंगाली प्रणालियां संतोषजनक ढंग से काम कर रही हैं, जबकि अन्य नदी प्रणालियों में और विकास की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकुल्या नदी, जिसके कारण विनाशकारी बाढ़ आई थी, वहां बाढ़ नियंत्रण के लिए कोई बड़ा बुनियादी ढांचा मौजूद नहीं है। दक्षिणी जिलों की कई अन्य नदियों की भी यही स्थिति है। उन्होंने बताया कि सरकार ने एक दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी शामिल हैं।
साथ ही, तकनीकी सहायता के लिए आईआईटी रुड़की से संपर्क किया गया है।
अन्य न्यूज़













