‘Ramayana’ के आपत्तिजनक दृश्य हटाने की मांग, Hindu Janajagruti Samiti ने किया प्रदर्शन

हिंदू जनजागृति समिति ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए मुंबई और कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि फिल्म में मूल रामायण को गलत रूप में पेश कर रावण का महिमामंडन किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने सीबीएफसी को ज्ञापन सौंपकर आपत्तिजनक अंश हटाने और आगामी भागों को विद्वानों को दिखाने की मांग की है।
हिंदू जनजागृति समिति ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ के कुछ दृश्यों को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को मुंबई और कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण को गलत तरीके से पेश किया गया है और राक्षस राजा रावण का महिमामंडन किया गया है। संगठन ने मध्य मुंबई में दादर रेलवे स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया।
इसी तरह का विरोध प्रदर्शन कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर भी किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के नाम ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिसमें फिल्म के आपत्तिजनक दृश्यों व संवादों को तत्काल हटाने, फिल्म की दोबारा समीक्षा करने और इसके आगामी भागों को रिलीज से पहले संतों, रामायण के विद्वानों तथा हिंदू धर्मग्रंथों के विशेषज्ञों को दिखाना अनिवार्य करने की मांग की गई। हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता उदय धुरी ने यहां जारी एक बयान में कहा कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ी ‘रामायण’ में बदलाव कर रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में किसी खास विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश हिंदू समुदाय बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, “फिल्म के कुछ दृश्य देखने के बाद यह सवाल उठना लाजिमी है कि यह रामायण पर आधारित फिल्म है या रावण का महिमामंडन करने वाली कहानी। इसमें निहत्था रावण हजारों लोगों से लड़ता दिखाया गया है, जबकि हथियारों से लैस भगवान श्रीराम और लक्ष्मण राक्षसों को देखकर भागते नजर आते हैं? भारत रामायण की ऐसी विकृत प्रस्तुति बर्दाश्त नहीं करेगा।” हिंदू जनजागृति समिति ने फिल्म के कई ऐसे दृश्यों का भी उल्लेख किया, जिनके बारे में उसका दावा है कि वे मूल रामायण के वर्णन के विपरीत हैं और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं।
अन्य न्यूज़













