Bihar में 24 नवंबर को Sushasan Divas मनाएगी JDU, नीतीश कुमार के कार्यकाल के 20 साल होंगे पूरे

जनता दल यूनाइटेड ने 24 नवंबर को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में सुशासन दिवस मनाने की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बताया कि इसी दिन वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में पहला पूर्ण कार्यकाल शुरू किया था। पार्टी का कहना है कि इसी तिथि के बाद राज्य को बुनियादी समस्याओं से वास्तविक मुक्ति मिली।
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी मंगलवार को सुशासन दिवस मनाएगी। इसी दिन नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला पूर्ण कार्यकाल शुरू किया था। कुमार पहली बार मार्च 2000 में समता पार्टी के नेता के रूप में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल केवल सात दिन का ही रहा था।
इसके बाद, 24 नवंबर 2005 को उन्होंने जद(यू) के नेता के तौर पर यह पदभार संभाला था। झा ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाएगी। इसी तारीख को 2005 में नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे।
भले ही भारत को 1947 में आजादी मिल गई थी, लेकिन बिहार को गरीबी, खराब सड़कों, बिजली की कमी और स्कूलों तक पहुंच न होने जैसी समस्याओं से असली आजादी 2005 के बाद ही मिली।’’ जद(यू) नेता ने कहा कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में यह दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने वैशाली जिले में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर हुए विवाद से भी दूरी बना ली। झा ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार ने 2014-15 में इस पुल की परिकल्पना की थी।
उन्होंने परियोजना के हर पहलू को अंतिम रूप दिया और इसे आगे बढ़ाया। निर्माण कार्य के दौरान, कुमार ने काम की प्रगति का जायजा लेने के लिए कई बार परियोजना स्थल का दौरा किया।’’ उन्होंने पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के खिलाफ तेजस्वी यादव सहित राजद के अन्य नेताओं द्वारा जताई गई आपत्तियों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पुल का नाम रखना सरकार का विशेषाधिकार है, और राजद को बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के नामकरण के बजाय अपनी पार्टी की अधिक चिंता करनी चाहिए।
अन्य न्यूज़













