Karan Adani ने Odisha CM मोहन माझी से मुलाकात की, स्वच्छ ऊर्जा और 3000 MW संयंत्र पर हुई चर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भुवनेश्वर में अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के सीईओ करण अदाणी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री के वी सिंह देव से मुलाकात की। बैठक के दौरान राज्य में सौर ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज प्लांट और परमाणु ऊर्जा जैसी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के विकास पर चर्चा की गई। कंपनी ने प्रदेश में 3,000 मेगावाट क्षमता वाले दो बिजली संयंत्र स्थापित करने समेत निवेश का अपना संकल्प दोहराया।

‘अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) करण अदाणी ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री के वी सिंह देव से मुलाकात कर राज्य में अदाणी समूह की जारी और प्रस्तावित परियोजनाओं पर चर्चा की। इनमें परमाणु ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने की योजनाएं भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, अदाणी ने एक टीम के साथ मुख्यमंत्री माझी से मुलाकात की।

बैठक में औद्योगिक सहयोग और बुनियादी ढांचे के विकास के अवसरों पर चर्चा हुई। यह बैठक ओडिशा में अदाणी समूह की प्रस्तावित परियोजनाओं पर केंद्रित रहीं। राज्य सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि सिंह देव के साथ बैठक में स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने पर चर्चा हुई।

इसमें खास तौर पर पंप्ड स्टोरेज प्लांट (पीएसपी), सौर ऊर्जा उत्पादन और परमाणु ऊर्जा परियोजनाएं शामिल थीं। इसके अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा, बिजली ग्रिड की विश्वसनीयता और टिकाऊ ऊर्जा विकास के लक्ष्यों को मजबूत करना है। अदाणी समूह इससे पहले भी सिंह देव से मुलाकात कर राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने में रुचि जता चुका है।

बयान में कहा गया, ‘‘आज की बैठक में उन्होंने ओडिशा के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने का इरादा दोहराया। इसमें 3,000 मेगावाट क्षमता वाले दो बिजली संयंत्र स्थापित करना भी शामिल है।’’ माझी के साथ बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान परियोजनाओं के लिए मंजूरी, भूमि की पहचान और अधिग्रहण तथा जमीनी स्तर पर आ रही दिक्कतों पर चर्चा की गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़