शहीद लक्ष्मीकांत द्विवेदी का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Martyr Laxmikant Dwivedi
दिनेश शुक्ल । Mar 5 2021 11:48PM

छोटी उम्र में उन्होंने भारत माता की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिये हैं। उनके परिवार की पूरी देखरेख की जायेगी। शहीद द्विवेदी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए विधायक राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि हमें स्वर्गीय द्विवेदी के जाने का दुःख है, तो उनकी शहादत पर गर्व भी है।

भोपाल। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए मध्य प्रदेश के रीवा जिले के ग्राम बरछा ककरहा के वीर सपूत लक्ष्मीकांत द्विवेदी का शुक्रवार को उनके गृह ग्राम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होंने शहीद के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार को मध्य प्रदेश सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की राशि, एक मकान तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जायेगी।

 

इसे भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा किसान सम्मेलन के नाम पर नौटंकी कर रहे दिग्विजय सिंह

उन्होंने कहा कि वीर सपूत लक्ष्मीकांत द्विवेदी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उनकी शहादत को हम सब नमन करते हैं। मध्य प्रदेश सरकार वीर सपूत के परिजनों के साथ खड़ी है। परिवार की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी हमारी है। शहीद लक्ष्मीकांत की शहादत की खबर सुनकर मुख्यमंत्री चौहान ने मुझे, पूर्व मंत्री तथा विधायक राजेन्द्र शुक्ल, विधायक श्यामलाल द्विवेदी तथा विधायक प्रदीप पटेल को भेजा है।

 

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में कोरोना के 457 मरीज मिले, इंदौर में सबसे अधिक 176 कोरोना संक्रमित मिले

सांसद जनार्दन मिश्र ने वीर सपूत को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि विन्ध्य के सपूत ने हम सबका मान बढ़ाया है। छोटी उम्र में उन्होंने भारत माता की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिये हैं। उनके परिवार की पूरी देखरेख की जायेगी। शहीद द्विवेदी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए विधायक राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि हमें स्वर्गीय द्विवेदी के जाने का दुःख है, तो उनकी शहादत पर गर्व भी है। उन्होंने भारत माँ की सेवा में नक्सलियों से संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान किया है। विन्ध्य के सपूत का यह बलिदान सदैव याद रखा जायेगा। उनके परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जायेगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़