Odisha Assembly में बाढ़ और सीमा विवाद पर हंगामा, केवल 14 मिनट चली कार्यवाही

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं हो सके। बीजू जनता दल ने गंजाम की बाढ़ और कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश के साथ कोटिया सीमा विवाद पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए सदन के बीचों-बीच नारेबाजी की।

ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सदन की कार्यवाही केवल 14 मिनट तक ही चल सकी, क्योंकि विपक्षी बीजू जनता दल और कांग्रेस के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दल गंजाम में आई बाढ़ और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के साथ कोटिया सीमा विवाद पर चर्चा की मांग कर रहे थे। पूर्वाह्न 10:30 बजे प्रश्नकाल के लिए सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा मच गया; अध्यक्ष सुरामा पाढ़ी के अपनी सीट पर बैठने से पहले ही विपक्षी विधायक सदन के बीचों-बीच आ गए।

पाढ़ी ने जब संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग को एक सवाल का जवाब देने की अनुमति दी, तो विपक्ष के सदस्यों ने नारे लगाए, जिससे कार्यवाही में बाधा उत्पन्न हुई। कुछ विधायक अधिकारियों की मेजों पर खड़े हो गए, जबकि अन्य ने अध्यक्ष के आसन के पास नारे लगाए। कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति को भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए अध्यक्ष के आसन पर हाथ मारते देखा गया।

दोनों विपक्षी दलों के सदस्यों ने तख्तियां दिखाईं और अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग की। बीजद ने जहां गंजाम में आई बाढ़ पर बहस की मांग की, वहीं कांग्रेस सदस्यों ने कोटिया सीमा विवाद का मुद्दा उठाया। विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को पहले शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई, तो वैसी ही स्थिति देखने को मिली; विपक्ष के सदस्यों ने एक बार फिर सदन के बीचों-बीच आकर नारे लगाए। बार-बार कार्यवाही स्थगित होने के कारण प्रश्नकाल, शून्यकाल और महत्वपूर्ण विधायी कामकाज नहीं हो पाए। बीजद विधायक सारदा प्रसन्न जेना ने बताया कि उनकी पार्टी ने सत्र शुरू होने से एक दिन पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को एक नोटिस दिया था, जिसमें अन्य सभी कामकाज रोककर बाढ़ पर चर्चा कराने की मांग की गई थी।

उन्होंने कहा, “हालांकि, अध्यक्ष ने हमारे नोटिस पर ध्यान नहीं दिया। इसलिए, चर्चा की मांग करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है।” भाजपा विधायक इरासीश आचार्य ने कार्यवाही में बाधा डालने के लिए विपक्ष की आलोचना की और कहा कि विधानसभा करदाताओं के पैसे से चलाई जा रही है। उन्होंने कहा, “हम चर्चा करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें बैठकर बहस करने दें।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़