Odisha में Cyclone Akwan की आहट, करीब 3 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों से लगभग तीन लाख नागरिकों को निकालकर सुरक्षित शिविरों में पहुंचाया है। शुक्रवार को तूफान के गंजाम तट से टकराने की आशंका के चलते संवेदनशील जिलों में राहत और बचाव कार्यों के लिए 423 दल मुस्तैद किए गए हैं।
ओडिशा में चक्रवात अकवान के मद्देनजर करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि संवेदनशील जिलों में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए 423 टीम तैनात की गई हैं। चक्रवात के शुक्रवार दोपहर गंजाम जिले के गोपालपुर के पास तट से टकराने की आशंका है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी. पाटिल ने बताया कि बृहस्पवार शाम तक 2,98,676 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था और उन्हें 2,523 राहत शिविरों में रखा गया था। सरकार ने स्थिति के अनुसार अधिक लोगों को ठहराने के लिए 9,341 आश्रय स्थलों को तैयार रखा है। जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने बताया कि गंजाम जिले में सबसे अधिक 1,38,311 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा, अगले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि चक्रवात अकवान के गंजाम जिले में तट से टकराने की आशंका है। हम सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणालियों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं और चक्रवात आने से पहले सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़














