शबरिमला यात्रियों के लिए Pampa में Spot Booking फिर शुरू नहीं होगी, TDB ने दी सफाई

शबरिमला यात्रियों के लिए Pampa में Spot Booking फिर शुरू नहीं होगी, TDB ने दी सफाई
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शबरिमला तीर्थयात्रियों के लिए मौके पर पंजीकरण की व्यवस्था केवल नीलक्कल में ही जारी रहेगी। केरल उच्च न्यायालय के आदेश के बाद यह सुविधा पंपा से हटाई गई थी, जिसे दोबारा वहां शुरू करने की कोई योजना नहीं है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को नीलक्कल पहुंचकर ही पंजीकरण कराना होगा।

त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने शनिवार को कहा कि शबरिमला के श्रद्धालुओं के लिए पंपा में मौके पर पंजीकरण केंद्र (स्पॉट बुकिंग सेंटर) दोबारा खोलने का कोई प्रस्ताव नहीं है और यह सुविधा नीलक्कल में ही जारी रहेगी। बोर्ड ने उन खबरों के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया, जिनमें कहा गया था कि पंपा में मौके पर पंजीकरण केंद्र फिर से शुरू किया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि नीलक्कल-पंपा मार्ग से शबरिमला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मौके पर पंजीकरण की सुविधा केरल उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद पंपा से नीलक्कल स्थानांतरित कर दी गई थी और यह व्यवस्था पहले की तरह ही जारी रहेगी।

नीलक्कल के अलावा एरुमेली, वंदिपेरियार सत्रम और चेंगन्नूर में भी मौके पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने पंपा में ‘स्पॉट बुकिंग’ केंद्र दोबारा खोलने का कोई निर्देश नहीं दिया है। बोर्ड ने कहा कि ‘डिजिटल’ कतार प्रणाली के जरिए पंजीकरण कराए बिना नीलक्कल-पंपा मार्ग से मंदिर में दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को नीलक्कल स्थित ‘स्पॉट बुकिंग’ केंद्र पहुंचकर पंजीकरण कराना होगा, इसके बाद ही वे दर्शन के लिए आगे जा सकेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कुम्मनम राजशेखरन ने शबरिमला के श्रद्धालुओं की परेशानियां कम करने और उन्हें सुगमता से दर्शन कराने के लिए नीलक्कल में ‘जियो-टैग्ड’ डिजिटल ‘स्पॉट बुकिंग’ शुरू करने की मांग की है। उन्होंने पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट के लिए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड की तैयारियों में खामियों और डिजिटल कतार प्रणाली के जरिये लगाई गई उन पाबंदियों को जिम्मेदार ठहराया, जिन्हें उन्होंने अवैज्ञानिक बताया। राजशेखरन ने एक बयान में कहा कि ग्रामीण इलाकों और दूसरे राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए मौके पर पंजीकरण पर पाबंदियां तथा डिजिटल कतार की वेबसाइट में तकनीकी खामियां आम श्रद्धालुओं को शबरिमला आने से हतोत्साहित कर रही हैं।

भाजपा नेता ने उन आरोपों की गहन जांच की मांग की कि कुछ पर्यटन कंपनियां और एजेंट बड़ी संख्या में डिजिटल कतार के ‘स्लॉट’ एकमुश्त बुक कर रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नीलक्कल की भौगोलिक सीमा के भीतर मौजूद श्रद्धालुओं को अपने मोबाइल फोन और ‘जियो लोकेशन’ का इस्तेमाल करके आधिकारिक वेबसाइट पर दर्शन के लिए ‘डिजिटल स्लॉट’ बुक करने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे मौके पर पंजीकरण केंद्र पर लंबी कतारों से बचा जा सकेगा।

राजशेखरन ने नीलक्कल में मौके पर पंजीकरण और पास सत्यापन के लिए अतिरिक्त काउंटर खोलने की भी मांग की। साथ ही उन्होंने दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था करने का आग्रह किया, ताकि डिजिटल कतार का ‘स्लॉट’ नहीं होने पर भी उन्हें दर्शन से वंचित न होना पड़े। उन्होंने इस्तेमाल नहीं किए गए ‘स्लॉट’ तत्काल रद्द करने और उन्हें ऑनलाइन या मौके पर पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराने की स्वचालित व्यवस्था बनाने की मांग की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़