Tamil Nadu CM C Joseph Vijay ने बुलाई गठबंधन विधायकों की बैठक, विकास योजनाओं पर होगी चर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय चेन्नई में टीवीके और उसके सहयोगी दलों के विधायकों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में वामपंथी दलों, कांग्रेस, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल के विधायक हिस्सा लेंगे। सभी विधायकों से अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं का ज्ञापन सौंपने को कहा गया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को यहां अपने विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सरकार को समर्थन दे रहे गठबंधन सहयोगी दलों के विधायक भी शामिल होंगे। सरकार को बिना शर्त समर्थन दे रहे वामपंथी दल भी विजय की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने पर चर्चा होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित एक ज्ञापन सीधे मुख्यमंत्री को सौंपने के लिए कहा गया है। इस विचार-विमर्श बैठक में कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक भी हिस्सा लेंगे। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु विधानसभा सचिवालय ने 19 नवंबर को मौजूदा टीवीके विधायक वी. एस. बाबू के निधन के बाद कोलाथुर विधानसभा सीट को रिक्त घोषित किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़