उत्तर प्रदेश में Voter List पुनरीक्षण का दूसरा चरण 28-29 नवंबर को, 1.73 लाख केंद्रों पर बैठेंगे BLO

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि छूटे हुए नागरिक 28 और 29 नवंबर को मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा किया जा सकता है। यह सुविधा ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत आगामी 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा और इस दौरान प्रदेश के करीब 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे तथा नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा उसमें संशोधन कराने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को बताया कि जो नागरिक 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान में शामिल नहीं हो सके, वे 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। सूची में नाम नहीं होने पर वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं।

रिणवा ने बताया कि रविवार को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष अभियान चलाया गया और इस दौरान बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, 7 एवं 8 के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य निर्वाचन अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन पत्रों की उपलब्धता तथा पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिणवा ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से भी जांचा जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़