सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, सोना 1,500 रुपये और चांदी 2,000 रुपये हुई सस्ती

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के चलते दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी के भाव गिर गए। सोना 1,500 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये कम हुई।
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में अनिश्चितता और अंतरराष्ट्रीय बाजार के कमजोर संकेतों के कारण 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,500 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, इससे पिछले सत्र यानी शुक्रवार को सोना 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में भी नरमी का रुख रहा और यह 2,000 रुपये फिसलकर 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया था। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे महंगाई की चिंताएं गहरी हुई हैं और डॉलर मजबूत हुआ है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने बाजार की स्थिति पर कहा कि सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के चलते सोने की कीमतों में गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनातनी से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और तेल बाजार की स्थिति और कड़े होने की आशंका बढ़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो हाजिर सोने की कीमत 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,067.94 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इसी तरह चांदी की कीमत भी 2.32 प्रतिशत घटकर 58.47 डॉलर प्रति औंस रह गई। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से यह उम्मीदें भी प्रबल हुई हैं कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकता है, जिसका असर हाजिर सोने की कीमतों पर दिखा।
अन्य न्यूज़














