शेयर बाजार में Bloodbath, Sensex 900 अंक धड़ाम, IT-Metal Stocks ने डुबोई नैया

Indian Markets
प्रतिरूप फोटो
AI Image

वैश्विक बाजारों में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें आईटी और धातु शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बीएसई सेंसेक्स 893 अंक टूटकर 76,200 पर बंद हुआ।

वैश्विक बाजारों में कमजोरी और आईटी एवं धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को खासी गिरावट आई। सेंसेक्स 893 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी में 279 अंक की गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों ने कहा कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी घरेलू बाजार पर दबाव बनाने का काम किया। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 893.39 अंक यानी 1.16 प्रतिशत टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,011.56 अंक तक गिरकर 76,082.51 अंक के निचले स्तर पर आ गया था। इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 278.80 अंक यानी 1.16 प्रतिशत गिरकर 23,824.10 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स और निफ्टी में 11 जून से छह कारोबारी सत्रों के दौरान चार प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी देखी जा चुकी थी।

सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और भारतीय स्टेट बैंक भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एक्सिस बैंक, सन फार्मा और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त में रहे।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘आईटी शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट और रुपये की कमजोरी के साथ अमेरिका में ब्याज दरों में आगे बढ़ोतरी की आशंका से घरेलू बाजार में निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।’’ व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.99 प्रतिशत गिरावट पर रहा जबकि छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप में 0.50 प्रतिशत की सुस्ती रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड में सर्वाधिक तीन प्रतिशत की गिरावट देखी गई जबकि आईटी खंड में 2.24 प्रतिशत, पीएसयू बैंक में 2.08 प्रतिशत और कमोडिटी में 1.90 प्रतिशत की नरमी रही। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,794 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए जबकि 1,496 शेयर चढ़कर बंद हुए और 157 अन्य अपरिवर्तित हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘नकारात्मक वैश्विक संकेतों और निवेशकों के सतर्क रुख के कारण घरेलू बाजार शुरुआती बढ़त को कायम नहीं रख पाए और ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली हावी होने से काफी नीचे आ गए। आईटी शेयरों में एआई से जुड़ी चिंताओं ने गिरावट तेज की।’’ शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 635.91 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भारी गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी नुकसान में कारोबार कर रहे थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.67 प्रतिशत गिरकर 77.46 डॉलर प्रति बैरल रह गया। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 291.17 अंक बढ़कर 77,094.07 अंक और निफ्टी 89.80 अंक चढ़कर 24,102.90 अंक पर बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़