S Jaishankar ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री संग की वार्ता, IMEC और यूक्रेन संकट पर मंथन

S Jaishankar ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री संग की वार्ता, IMEC और यूक्रेन संकट पर मंथन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को नयी दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार, सुरक्षा, निवेश और कनेक्टिविटी के साथ भारत-ईयू संबंधों पर गहन चर्चा की। इस दौरान काला सागर के ताजा हालात और यूक्रेन संघर्ष पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

भारत और बुल्गारिया ने शनिवार को व्यापार, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने आईएमईसी, काला सागर की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यहां हैदराबाद हाउस में बुल्गारिया की अपनी समकक्ष वेलिस्लावा पेट्रोवा के साथ बातचीत की।

जयशंकर ने बाद में एक्स पर लिखा, ‘‘आज दोपहर बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा से मिलकर खुशी हुई। हमने व्यापार, कनेक्टिविटी, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और प्रतिभाओं की आवाजाही सहित अपने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। हमने दोनों देशों के बीच बढ़ते लोगों के आपसी संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सराहना की।

हमने भारत-ईयू संबंधों के और मजबूत होने पर भी चर्चा की।’’ उन्होंने कहा कि आईएमईसी (भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा) और अन्य संपर्क परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने पोस्ट में कहा, काला सागर की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर हुई चर्चा सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि पेट्रोवा की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ भी अपने संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रयास तेज कर रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़