Srinagar में JKSSB अभ्यर्थियों के धरने से Ruhullah Mehdi को पुलिस ने हटाया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सांसद रुहुल्लाह मेहदी ने दावा किया कि श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर पार्क से पुलिस ने उन्हें और प्रदर्शनकारी छात्रों को जबरन हटा दिया। छात्र वित्त लेखा सहायक भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कड़ाके की ठंड में धरना दे रहे थे। मेहदी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को भोजन और कंबल तक ले जाने से रोका।

श्रीनगर के पूर्व सांसद रुहुल्लाह मेहदी ने शनिवार को दावा किया कि पुलिस ने उन्हें और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शेर-ए-कश्मीर पार्क से उस समय हटा दिया जब वे सरकारी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ धरना दे रहे थे। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के साथ 24 साल पुराना नाता हाल ही में समाप्त करने और पार्टी नेतृत्व के साथ लंबे समय से जारी मतभेदों के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने वाले मेहदी ने छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में हिस्सा लिया। छात्र जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित वित्त लेखा सहायक (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

मेहदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कोई जवाब नहीं, तो घर नहीं जाएंगे। रात होने के बावजूद छात्र एफएए परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ डटे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि वह जब तक जरूरत होगी, छात्रों के साथ रहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘धरना तभी समाप्त होगा, जब उनकी मांगें पूरी होंगी।’’ मेहदी ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को पार्क में खाने-पीने का सामान और कंबल भी नहीं ले जाने दे रही है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘न खाना, न कंबल और न ही प्रवेश की अनुमति। श्रीनगर की कड़ाके की ठंड में शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्रों को परेशान किया जा रहा है। उनका एकमात्र ‘कसूर’ एफएए परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ न्याय मांगना है।

ये आदेश किसने दिए?’’ हालांकि, देर रात मेहदी के कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि पुलिस ने उन्हें और अन्य प्रदर्शनकारियों को पार्क से हटा दिया। पोस्ट में कहा गया, ‘‘हम वहां से खुद नहीं हटे, हमें हटाया गया। रुहुल्लाह मेहदी के प्रदर्शन स्थल छोड़ने की खबरें गलत हैं।

देर रात पुलिस ने शांतिपूर्ण धरने को जबरन समाप्त करा दिया। छात्रों और आगा साहब को उनकी इच्छा के विरुद्ध वहां से हटाया गया।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़