भदोही में दो नाबालिग छात्राओं को किया बरामद, दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

भदोही के गोपीगंज क्षेत्र से लापता तीन नाबालिग छात्राओं में से दो को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। चिकित्सकीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया है। एक अन्य फरार आरोपी और तीसरी किशोरी की तलाश जारी है।
भदोही जिले के गोपीगंज थानाक्षेत्र में तीन नाबालिग छात्राओं के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो किशोरियों को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय एक किशोरी और उसे ले जाने वाला आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीम लगी है।
पुलिस के मुताबिक गोपीगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों की 14, 15 और 16 वर्षीय तीन किशोरियां 21 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे साइकिल से कोइरौना थानाक्षेत्र के एक विद्यालय गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। अपराध निरीक्षक शेतांशु शेखर पंकज ने बताया कि खोजबीन के बाद परिजनों को विद्यालय में तीनों की साइकिल मिली और उसी इलाके के तीन युवकों के साथ उन्हें देखे जाने की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी की मां की तहरीर पर कोइरौना थाना क्षेत्र के सोनाइचा गांव निवासी श्रीनिवास वर्मा, सचिन यादव और रिंकू गौतम के खिलाफ 21 अक्टूबर की रात भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी।
तीनों युवकों की उम्र 22 से 24 वर्ष के बीच है। अपराध निरीक्षक ने बताया कि शुक्रवार को 14 और 15 वर्षीय दो किशोरियों को बरामद कर श्रीनिवास वर्मा और सचिन यादव को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पहले से दर्ज धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं और दोनों किशोरियों का अदालत में कलमबंद बयान दर्ज कराया गया है।
अपराध निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी रिंकू गौतम और उसके साथ गई 16 वर्षीय किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
अन्य न्यूज़













