Cyclone Akwan से Jharkhand के जिलों में बारिश, स्कूलों की प्राथमिक कक्षाएं स्थगित

Cyclone Akwan से Jharkhand के जिलों में बारिश, स्कूलों की प्राथमिक कक्षाएं स्थगित
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओडिशा तट से टकराए चक्रवाती तूफान के असर के चलते राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पांच जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह अकवान चक्रवात के प्रभाव से हल्की बारिश हुई। इसके मद्देनजर कुछ जिलों में प्रशासन ने स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं का संचालन स्थगित कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया ओडिशा के गोपालपुर के पास सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई। सुबह साढ़े आठ बजे तक झारखंड के पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘ऑरेंज’ अलर्ट (तैयार रहने की सलाह) जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने चक्रवात के मद्देनजर शुक्रवार को स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं का संचालन स्थगित करने का आदेश दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। मौसम बुलेटिन के अनुसार, इसी अवधि के दौरान लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़ और जामताड़ा में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘येलो’ अलर्ट (सतर्क रहने की सलाह) जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, दिन चढ़ने के साथ बारिश तेज होने की आशंका है और कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है और 23 नवंबर से आसमान साफ रहने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़