Cyclone Akwan ने गोपालपुर तट किया पार, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं

भीषण चक्रवाती तूफान अकवान ने 20 नवंबर को गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्र को पार कर लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित जिलों में एसडीआरएफ की छह टीमें तैनात की गई हैं।
भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान ने शुक्रवार को गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार किया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि उत्तरी आंध्र प्रदेश के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘चक्रवाती तूफान अकवान आज 20 नवंबर, 2026 को सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे (भारतीय समयानुसार) के बीच 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा की गति के साथ गोपालपुर (19.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर के निकट) के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर गया। तट से टकराने की प्रक्रिया अगले दो घंटे तक जारी रहेगी।’’ इस दौरान हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जैन ने श्रीकाकुलम जिले के लोगों को तूफान के तट पार करने की प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि प्रभावित जिलों में आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की छह टीम तैनात की गई हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन टीम को विशाखापत्तनम में तैयार रखा गया है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से 19 नवंबर को सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 7:30 बजे तक कलिंगपट्टनम में 3.7 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान विशाखापत्तनम में 0.8 मिलीमीटर और तुनी में 13.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अन्य न्यूज़














