Delhi में 3.5 लाख की लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पीड़ित का कर्मचारी समेत 4 लोग गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर पूर्वी दिल्ली के शेरपुर चौक के पास बंदूक की नोक पर हुई साढ़े तीन लाख रुपये की लूट के मामले में दयालपुर थाना पुलिस ने एक कर्मचारी सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित व्यापारी के कर्मचारी ने ही अन्य बदमाशों को लाइव लोकेशन और नकदी वाले बैग की जानकारी दी थी।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक व्यक्ति से बंदूक के बल पर साढ़े तीन लाख रुपये की लूट के मामले में पीड़ित के ही एक कर्मचारी समेत चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर दो अगस्त को शेरपुर चौक के पास बंदूक के बल पर पीड़ित से लगभग 3.50 लाख रुपये से भरा बैग और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रवि सिंह जादोन अपनी दुकान के कर्मचारी मोहित के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी काले स्कूटर पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने उन्हें रोका और नकद से भरा बैग लेकर भाग गए। दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच शुरू की गई। उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।

आरोपियों की पहचान अज़ान (19), शहजाद उर्फ फाइटर (20), और 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले एक परिचित व्यक्ति के जरिए उनकी कथित तौर पर मोहित (23) से मुलाकात कराई गई थी। उन्होंने बताया कि मोहित ने ही पीड़ित की ‘लाइव लोकेशन’ आरोपियों के साथ साझा की और नकद रखे बैग की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि 15,000 रुपये नकद और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी नकदी बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़