Kochi में प्लाईवुड फैक्टरी हादसे में 4 साल के बच्चे की मौत, बाल अधिकार आयोग ने मांगा स्पष्टीकरण

केरल के पेरुम्बावूर में प्लाईवुड निर्माण इकाई की मशीन में फंसकर चार साल के बच्चे की मौत के मामले में बाल अधिकार आयोग ने छह जिला स्तरीय अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर दंपति का यह बेटा फैक्टरी में कन्वेयर बेल्ट के पास खेलते समय हादसे का शिकार हो गया। आयोग ने क्षेत्र में प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।
राज्य बाल अधिकार आयोग ने पेरुम्बावूर के पास एक फैक्टरी में मशीन में फंसने से चार वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में शुक्रवार को छह जिला स्तरीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। बच्चा अपने प्रवासी माता-पिता के साथ फैक्टरी गया था। यह दुर्घटना बृहस्पतिवार शाम को पेरुम्बावूर के पास वेट्टिक्काट्टुकुन्नु के मुडिकल स्थित प्लाईवुड निर्माण इकाई में हुई।
बच्चा पश्चिम बंगाल के एक दंपति का बेटा था, जो उस फैक्टरी में काम करते थे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस घटना को देखते हुए आयोग ने एर्नाकुलम के जिलाधिकारी, जिला पुलिस प्रमुख (ग्रामीण), फैक्टरी एवं बॉयलर विभाग के जिला प्रमुख, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी और पेरुम्बावूर नगर सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। आयोग ने कहा कि वह इस इलाके में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चा फैक्टरी के अंदर एक मशीन की कन्वेयर बेल्ट के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसका हाथ गलती से मशीन में फंस गया, जिसके बाद उसका शरीर मशीन के अंदर खिंचता चला गया और उसकी मौत हो गई।
अन्य न्यूज़














