Bihar में अब नहीं बजेंगे डबल मीनिंग वाले गाने, Samrat Choudhary का निर्देश, अब सीधे होगी FIR

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में अश्लील व दोहरे अर्थ वाले गाने बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध का आदेश दिया है, होली पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज कर साउंड सिस्टम जब्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य भर में सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील और आपत्तिजनक गीतों को बजाने के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के अनुसार, बसों, ट्रकों, ऑटो-रिक्शा या सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील या आपत्तिजनक गीत बजाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी, चाहे वह भोजपुरी, मगही, मैथिली या किसी अन्य भाषा में हो।
इसे भी पढ़ें: जेल से सीधे Bihar Assembly पहुंचे Anant Singh, शपथ लेते ही छुए CM Nitish के पैर
सम्राट चौधरी ने अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा है कॉ सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और वाहनों में इस तरह के गानों का प्रसारण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सस्ते दोहरे अर्थ वाले और अश्लील गाने समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में ऐसे गानों के प्रसारण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है तथा वे असहज महसूस करती हैं।
चौधरी ने कहा कि इस तरह के गाने बच्चों की सोच पर भी गलत असर डालते हैं। यह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वह अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करे। होली पर्व पर भी सभी जिलों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: Bihar Budget Session में गूंजा NEET छात्रा की मौत का मामला, Maithili Thakur ने मांगा इंसाफ
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, वाहनों और आयोजनों में बजने वाले ऐसे गानों को चिन्हित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 79 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जरूरत पड़ने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और आयोजकों और वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि समाज में स्वस्थ और सुरक्षित माहौल बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। महिलाओं की गरिमा और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अन्य न्यूज़













