PM Modi केरल के Jatayu Earth Center का कर सकते हैं दौरा, Suresh Gopi ने दिए संकेत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बाद प्रधानमंत्री केरल के कोल्लम स्थित जटायु नेचर पार्क का दौरा कर सकते हैं। फिल्म निर्माता राजीव अंचल द्वारा डिजाइन की गई जटायु की विशाल प्रतिमा दिल्ली बिनाले में भी प्रदर्शित की जा सकती है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केरलम स्थित ‘जटायु अर्थ सेंटर’ का दौरा करने की संभावना है। बॉलीवुड फिल्म ‘रामायण’ के प्रदर्शन के बाद यहां बनी जटायु की विशाल प्रतिमा ने बड़े पैमाने पर लोगों का ध्यान खींचा है। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में मोदी के प्रस्तावित दौरे का संकेत देते हुए बताया कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सबसे पहले कोल्लम जिले में स्थित ‘जटायु अर्थ सेंटर’ का दौरा करेंगे और उनके बाद प्रधानमंत्री वहां जा सकते हैं।

प्रस्तावित दौरे के बारे में बात करते हुए गोपी ने कहा कि शेखावत ने दो दिन पहले ‘जटायु अर्थ सेंटर’ के निर्माता राजीव अंचल के साथ बैठक की थी और दिल्ली बिनाले में जटायु को प्रदर्शित करने में रुचि दिखाई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के बारे में प्रधानमंत्री को भी जानकारी दी गई थी। गोपी ने कहा, “मुझे पता चला है कि गजेंद्र सिंह शेखावत जटायुपारा का दौरा करने वाले हैं।

उन्होंने दिल्ली बिनाले में जटायु को प्रदर्शित करने की इच्छा जताई है और इस मामले को प्रधानमंत्री के संज्ञान में भी लाया गया है।” ‘जटायु अर्थ सेंटर’ परियोजना को 2004 में मंजूरी दी गई थी। इसे ‘जटायु नेचर पार्क’ के नाम से भी जाना जाता है। यह एक इको-टूरिज्म परियोजना है, जिसकी परिकल्पना, डिजाइन और विकास फिल्म निर्माता एवं मूर्तिकार राजीव अंचल ने किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़