Sehore तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, दो लाख का कर्ज न चुकाने पर हुई थी तीन लोगों की हत्या

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्यप्रदेश के सीहोर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। मुख्य आरोपी ने राकेश मीणा से लिए दो लाख रुपये और फसल का हिस्सा देने से बचने के लिए अपने साथी संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।

मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और खुलासा किया कि उधार में लिए गए दो लाख रुपये चुकाने से बचने के लिए उन्होंने कुल्हाड़ी से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले के बुदनी तहसील स्थित वार्ड क्रमांक 12 में 16 नवंबर की रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।

मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), पत्नी राधा (40) और उनके बेटा अश्विन (24) के रूप में हुई थी। पुलिस ने एक बयान में बताया कि आरोपियों की पहचान बुदनी थाना अंतर्गत यारनगर गांव निवासी जगदीश भिलाला (40) और गांव खांडाबड़ निवासी अनिल भिलाला (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त किया है।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से लगभग दो लाख रुपये उधार लिए थे और उसे यह रकम ब्याज सहित लौटाना था। इसके अलावा यह भी तय हुआ था कि रकम लौटाने तक जगदीश अपनी फसल में से भी कुछ हिस्सा राकेश को देगा। पुलिस ने कहा, ‘‘इसलिए जगदीश ने अपने साथी अनिल को कुछ पैसों का लालच देकर राकेश के पूरे परिवार को मारने की योजना बनाई ताकि उसे उधार का पैसा नहीं देना पड़े।’’ बयान में पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर की रात करीब 11-12 बजे के बीच राकेश के घर जाकर उससे कुछ बात करने के लिए दरवाजा खुलवाया और अपने साथ ले जाई गई कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के मोबाइल को शौचालय में डाल कर पानी डाल दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद घटनास्थल से फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, श्वान दस्ता द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए गए। विशेष टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित जांच करते हुए दोनों आरोपियो को गिरफ्तार किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़