18 मर्द और एक खौफनाक रात... सनकी प्रेमी ने एक्स से बदला लेने के लिए पार की नफरत की सारी हदें

इंग्लैंड में ब्रेकअप से बौखलाए एक शख्स ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड से बदला लेने के लिए खौफनाक साजिश रची। उसने महिला के नाम से फेक टिंडर प्रोफाइल बनाकर 'रेप फैंटेसी' के नाम पर कई पुरुषों को उसके घर भेज दिया, जिसके बाद चेस्टर क्राउन कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया है।
इंग्लैंड के चेस्टर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। दरअसल, यहां रहने वाले 36 साल के असद हुसैन ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड से बदला लेने के लिए सारी हदें पार कर दीं। सामने आई जानकारी के अनुसार, हुसैन के कंट्रोलिंग व्यवहार की वजह से महिला ने ब्रेकअप कर लिया था, जिसके बाद हुसैन ने उसके नाम से एक फेक टिंडर प्रोफाइल बनाई और अनजान पुरुषों को अपनी एक्स का रेप करने के लिए उकसाया। मामले की गंभीरता देखते हुए चेस्टर क्राउन कोर्ट ने उसे दोषी करार दिया है।
'रेप फैंटेसी' के नाम पर बुना जाल
पुलिस जांच में पता चला कि असद हुसैन ने जुलाई 2024 में लड़की के नाम से कई फेक अकाउंट्स बनाए थे। उसने खुद को लड़की बताकर पुरुषों को ऐसे अश्लील मैसेज भेजे, जिनमें दावा किया गया कि वह 'रेप फैंटसीज' को सच करना चाहती है। उसने पुरुषों को यहां तक उकसाया कि अगर महिला विरोध करे, तो उसे जोर जबरदस्ती का हिस्सा माना जाए। इस झांसे में आकर कम से कम 18 पुरुष महिला के घर पहुंच गए।
एक ही रात में घर पहुंचे चार पुरुष
हुसैन की यह साजिश इतनी खतरनाक थी कि सिर्फ एक रात के अंदर चार अलग-अलग पुरुष महिला के पते पर पहुंच गए। एक मामले में तो एक शख्स ने घर का दरवाजा इतनी जोर से पीटा कि उसका शीशा ही टूट गया। जब उससे पूछताछ हुई, तो उसने वे मैसेज दिखाए जिनमें उसे दरवाजा जोर से धक्का देकर घुसने का निर्देश दिया गया था। एक अन्य घटना में, एक व्यक्ति घर के अंदर तब घुस गया जब महिला की किशोर बेटी वहां अकेली थी।
कंट्रोलिंग व्यवहार था ब्रेकअप का कारण
हुसैन और पीड़ित का रिश्ता अप्रैल 2024 में शुरू हुआ था, जहां उसने अपना नाम मिक रेनी बताया था। रिश्ता टूटने के बाद भी वह महिला के दोस्तों और परिवार को परेशान करता रहा। जब वह सीधे तौर पर कुछ नहीं कर पाया, तो उसने डिजिटल दुनिया का सहारा लेकर महिला को शारीरिक और मानसिक नुकसान पहुंचाने की यह खौफनाक साजिश रची।
डिजिटल सुरागों से धरा गया आरोपी
पकड़े जाने से बचने के लिए हुसैन ने कई मोबाइल फोन इस्तेमाल किए और सबूत मिटाने के लिए डिवाइस रीसेट कर दिए। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और उसकी गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए उसका पर्दाफाश कर दिया। चेशायर पुलिस ने इसे अब तक का सबसे परेशान करने वाला मामला बताया है। हुसैन को आने वाले जून में सजा सुनाई जाएगी।
अन्य न्यूज़















