Corporate जगत में हलचल, Jindal Steel के टॉप अधिकारी गौतम मल्होत्रा ने पद से इस्तीफा दिया

Gautam Malhotra
प्रतिरूप फोटो
X @JindalPanther
Ankit Jaiswal । Jul 13 2026 6:28PM

मजबूत तिमाही नतीजों के बीच जिंदल स्टील में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है, जहाँ सीईओ गौतम मल्होत्रा ने व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कंपनी ने हाल ही में घाटे से उबरकर रिकॉर्ड उत्पादन और 1,041 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

जिंदल स्टील में नेतृत्व स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम मल्होत्रा ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं को बताया है। मौजूद जानकारी के अनुसार वह 15 जुलाई तक अपने पद पर बने रहेंगे और उसके बाद कंपनी से औपचारिक रूप से अलग हो जाएंगे।


कंपनी ने सेबी के लिस्टेड कंपनियों से जुड़े नियमों के तहत इस बदलाव की जानकारी शेयर बाजारों को भी दे दी है। इसके साथ ही बंबई शेयर बाजार और राष्ट्रीय शेयर बाजार को आधिकारिक सूचना भेजी गई हैं।


गौतम मल्होत्रा ने अपने इस्तीफे के पत्र में लिखा कि जिंदल स्टील की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए सम्मान की बात रही है। उन्होंने कंपनी के निदेशक मंडल और चेयरमैन का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने कार्यकाल के अंतिम दिन तक जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करेंगे ताकि नए नेतृत्व को काम संभालने में किसी तरह की परेशानी न हो।


बता दें कि गौतम मल्होत्रा मई 2024 में जिंदल स्टील से जुड़े थे। शुरुआत में उन्होंने खनन, उत्पादन और एआई आधारित परियोजनाओं पर काम किया। बाद में 28 अक्तूबर 2025 को उन्हें कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रमुख प्रबंधकीय अधिकारी नियुक्त किया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बिक्री, विपणन रणनीति और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं।


गौरतलब है कि हाल ही में समाप्त मार्च तिमाही में जिंदल स्टील का प्रदर्शन मजबूत रहा था। कंपनी ने एक वर्ष पहले की समान अवधि में हुए घाटे से उबरते हुए 1,041 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इसी तिमाही में कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक तिमाही उत्पादन और बिक्री का भी रिकॉर्ड बनाया था, जिससे उसके ऑपरेशन प्रदर्शन को मजबूती मिली।


जिंदल स्टील से पहले गौतम मल्होत्रा ने ईंधन की घर-घर आपूर्ति करने वाली कंपनी फ्यूलबडी की स्थापना की थी। संचालन और रणनीति के क्षेत्र में उनके पास करीब 19 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से सम्मान सहित प्रबंधन की पढ़ाई पूरी की थी। वर्ष 2022 में उन्हें नेतृत्व उत्कृष्टता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।


फिलहाल कंपनी ने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर कोई समयसीमा घोषित नहीं की है। दूसरी ओर, इस्तीफे की खबर के बाद सोमवार को कंपनी के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक कंपनी के शेयरों में लगभग साढ़े तीन प्रतिशत की कमजोरी देखी गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़